“मोर गांव मोर पानी” अभियान के तहत कलेक्टर का श्रमदान, जल संरक्षण का दिया संदेश

संजू पैकरा/बलौदाबाजार 7 मार्च 2026

कलेक्टर ने सोखता गड्ढा निर्माण के लिए किया श्रमदान, ग्रामीणों को जल संरक्षण के लिए किया प्रेरित

बलौदाबाजार, 7 मार्च 2026। कलेक्टर कुलदीप शर्मा शुक्रवार को कसडोल विकासखंड के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने ग्राम अमोदी स्थित प्राथमिक कृषि साख समिति परिसर में “मोर गांव मोर पानी अभियान 2.0” के तहत सोखता गड्ढा निर्माण के लिए श्रमदान किया और ग्रामीणों को जल संरक्षण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया।

­

कलेक्टर ने कहा कि पानी जीवन का आधार है और भूमिगत जल का अत्यधिक दोहन होने से जलस्तर लगातार घट रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि पानी को व्यर्थ बहने से रोकें और नल व हैंडपंप के पास सोखता गड्ढा बनाएं। उन्होंने सरपंच और सचिव से ग्राम पंचायत में सोखता गड्ढा निर्माण की जानकारी ली। सरपंच ने बताया कि गांव में 7 हैंडपंपों के पास सोखता गड्ढे बनाए जा चुके हैं।

इसके बाद कलेक्टर ने सहकारी समिति का निरीक्षण किया और धान उठाव, सुखत, केसीसी, पैक्स में एंट्री, खाद भंडारण तथा माइक्रो एटीएम से राशि निकासी की व्यवस्था की जानकारी ली। समिति प्रबंधक ने बताया कि धान का शत-प्रतिशत उठाव हो चुका है और पैक्स में सभी जानकारी दर्ज कर दी गई है। किसानों को माइक्रो एटीएम के माध्यम से राशि निकासी की सुविधा भी उपलब्ध है।

सहकारी समिति कार्यालय के बगल में संचालित पीडीएस दुकान का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने चावल की गुणवत्ता और खाद्यान्न भंडारण की स्थिति देखी। उन्होंने ग्रामीणों से दुकान के नियमित खुलने और राशन वितरण के संबंध में जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि दुकान समय पर खुलती है और उन्हें किसी प्रकार की समस्या नहीं होती। वर्तमान में चावल और शक्कर का वितरण किया जा रहा है।

इस दौरान सीईओ जिला पंचायत सुश्री दिव्या अग्रवाल, एसडीएम आर.आर. दुबे, खाद्य अधिकारी पुनीत वर्मा, उपायुक्त सहकारिता उमेश गुप्ता सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

 

क्रमांक / 23