छत्तीसगढ़ के Raigarh में एक बुजुर्ग महिला चैन स्नैचिंग का शिकार हो गई। दो युवकों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर महिला को बातचीत में उलझाया और मौका पाकर उनके गले से सोने की माला झपटकर फरार हो गए। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना Chakradhar Nagar Police Station क्षेत्र की है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम सम्बलपुरी निवासी रेशमी निषाद ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपनी दादी रामकुंवर निषाद के साथ सम्बलपुरी से परसदा चंद्रपुर जाने के लिए बस से निकले थे। दोनों मां मंगला कंपनी की बस से शहर पहुंचे और सिग्नल चौक के पास उतर गए। इसके बाद वे पैदल सारंगढ़ बस स्टैंड जाने के लिए मरीन ड्राइव पंजरी प्लांट रोड की ओर जा रहे थे।
इसी दौरान स्कूटी पर सवार दो युवक उनके पास पहुंचे। आरोपियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए किसी हादसे के संबंध में पूछताछ शुरू कर दी। उन्होंने आधार कार्ड दिखाने को कहा और बातों में उलझा लिया। इसी बीच एक आरोपी ने बुजुर्ग महिला के गले से सोने की माला झपट ली और दोनों स्कूटी से मौके से फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने तत्काल शहर में नाकेबंदी कर पीड़िता से आरोपियों के हुलिए और स्कूटी की जानकारी ली। इसके आधार पर लाल रंग की संदिग्ध स्कूटी की तलाश शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज पीड़िता और उसकी पोती को दिखाए गए, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान हुई। इसके बाद पुलिस टीम ने संदेह के आधार पर नवागढ़ राजापारा निवासी चमार सिंह यादव (55) और मधुबन पारा निवासी रामकुमार नायक (40) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
