बलौदाबाजार में 9 मार्च को उद्यमिता जागरूकता कार्यक्रम, युवाओं को मिलेंगे व्यवसाय शुरू करने के गुर

संजू पैकरा/बलौदाबाजार 8 मार्च 2026

बलौदाबाजार में कल होगा उद्यमिता जागरूकता कार्यक्रम, युवाओं को मिलेंगे स्वरोजगार के अवसर

बलौदाबाजार, 8 मार्च 2026। युवाओं और संभावित उद्यमियों को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से 9 मार्च को जिला पंचायत सभागार, बलौदाबाजार में उद्यमिता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम आईआईएम रायपुर एवं डीसी एमएसएमई, भारत सरकार के संयुक्त तत्वावधान में दोपहर 12 बजे से प्रारंभ होगा।

कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं, एमएसएमई उद्यमियों, स्वयं सहायता समूहों और व्यवसाय शुरू करने के इच्छुक लोगों में उद्यमिता के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध व्यावसायिक अवसरों की जानकारी देना है। कार्यक्रम में प्रतिभागियों को उद्यमिता की अवधारणा, उद्यमशील मानसिकता का विकास, जिला-विशिष्ट व्यवसायिक अवसरों की पहचान, एमएसएमई योजनाओं एवं वित्तीय सहायता से जुड़ी जानकारी दी जाएगी।

इसके अलावा प्रतिभागियों को संस्थागत सहयोग, ऋण सुविधाओं, छत्तीसगढ़ औद्योगिक नीति तथा नई स्टार्टअप नीति के प्रावधानों के बारे में भी मार्गदर्शन मिलेगा। कार्यक्रम में विशेषज्ञों और सफल उद्यमियों के साथ संवाद का अवसर भी उपलब्ध कराया जाएगा।

कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने जिले के युवाओं, उद्यमियों, स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों एवं व्यवसाय शुरू करने के इच्छुक नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम में शामिल होने के इच्छुक प्रतिभागी ऑनलाइन लिंक के माध्यम से पंजीयन कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, बलौदाबाजार-भाटापारा कार्यालय या मोबाइल नंबर 9301727212 पर संपर्क किया जा सकता है।