संजू पैकरा/बलौदाबाजार 9 मार्च 2026
निपानिया धान उपार्जन केंद्र में बड़ा खुलासा, धान के बोरों में मिला रेत और कंकड़
बलौदाबाजार जिले के निपानिया धान उपार्जन केंद्र में धान खरीदी को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। यहां धान के बोरों में रेत और कंकड़ मिलने से किसानों और क्षेत्रवासियों में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार उपार्जन केंद्र में रखे कुछ बोरों की जांच के दौरान धान के साथ रेत और कंकड़ पाए गए। इससे खरीदी प्रक्रिया पर सवाल खड़े हो गए हैं। किसानों का आरोप है कि इस तरह की गड़बड़ी से न केवल सरकारी खरीदी व्यवस्था की विश्वसनीयता पर असर पड़ रहा है बल्कि किसानों को भी नुकसान हो सकता है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने मामले की जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। किसानों का कहना है कि यदि इस तरह की अनियमितताओं पर रोक नहीं लगाई गई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
प्रशासन से मांग की जा रही है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
