बलरामपुर में 5 एकड़ में अवैध अफीम की खेती का भंडाफोड़, डोडों में लगाया जा चुका था चीरा

बलरामपुर-रामानुजगंज। जिले के कुसमी थाना क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध अफीम की खेती का मामला सामने आया है। पुलिस और प्रशासन की टीम ने त्रिपुरी के सरनाटोली इलाके में गांव से दूर जंगल किनारे करीब 5 एकड़ जमीन पर उगाई जा रही अफीम की फसल को जब्त करते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार खेत में अफीम की फसल पूरी तरह तैयार अवस्था में थी और डोडों में चीरा भी लगाया जा चुका था। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि जल्द ही अफीम निकालने की तैयारी की जा रही थी। मौके से पुलिस ने बड़ी मात्रा में सूखे डोडे भी बरामद किए हैं, जिनमें खसखस भरा हुआ पाया गया।

सूचना मिलने के बाद मंगलवार को कुसमी एसडीओपी आशीष कुंजाम के नेतृत्व में पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और अवैध खेती को नष्ट करते हुए कार्रवाई की। बताया जा रहा है कि यह क्षेत्र झारखंड सीमा से सटा हुआ है, जिसके कारण यहां बाहरी लोगों की आवाजाही भी रहती है।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें खेत में अफीम की फसल होने की जानकारी तो थी, लेकिन यह अवैध खेती है इसकी जानकारी नहीं थी। हाल ही में दुर्ग जिले में इसी तरह की कार्रवाई सामने आने के बाद ग्रामीणों ने इस मामले की सूचना पुलिस को दी।

पुलिस को आशंका है कि ग्रामीणों की जमीन को किराये पर लेकर बाहरी लोगों द्वारा इस अवैध खेती को अंजाम दिया जा रहा था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और इसमें शामिल लोगों की तलाश तेज कर दी गई है।