संजू पैकरा/बलौदाबाजार 11 मार्च 2026
कसडोल में रास्ता रोककर पैसे की मांग, चाकू से जानलेवा हमला करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
कसडोल। थाना कसडोल पुलिस ने रास्ता रोककर पैसे की मांग करते हुए चाकू से जानलेवा हमला करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने बैंगनडबरी मुक्तिधाम के आगे पुल के पास वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 10 मार्च 2026 की शाम करीब 7 बजे वह अपने घर से निजी काम से कसडोल जा रहा था। इसी दौरान बैंगनडबरी मुक्तिधाम के आगे पुल के पास मोटरसाइकिल से पहुंचे आरोपी सूरज साहू और हेमंत बंजारे ने उसका रास्ता रोक लिया। दोनों ने उससे पैसे की मांग की और विरोध करने पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। प्रार्थी किसी तरह बचते हुए मौके से भाग निकला।
मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 100/2026 के तहत धारा 296, 351(3), 119(1), 126(2), 3(5) बीएनएस तथा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में कसडोल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने रास्ता रोककर पैसे मांगने और चाकू से हमला करने की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक CG22 M 6214 और एक बटनदार चाकू जप्त किया है। दोनों आरोपियों को 11 मार्च 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
1. सूरज साहू (20 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 08 बलार रोड, कसडोल
2. हेमंत बंजारे (18 वर्ष), निवासी कांटीपारा वार्ड क्रमांक 13, कसडोल
