सीसीटीवी फुटेज से खुलासा, अटल परिसर का शिलालेख तोड़ने वाला व्यक्ति चिन्हित

संजू पैकरा/बलौदाबाजार 12 मार्च 2026

गार्डन चौक अटल परिसर का शिलालेख तोड़ने वाला मानसिक विक्षिप्त व्यक्ति चिन्हित, पुलिस तलाश में

बलौदाबाजार। गार्डन चौक स्थित अटल परिसर में लगे शिलालेख को तोड़ने वाले व्यक्ति की पहचान पुलिस ने कर ली है। पुलिस के अनुसार यह कृत्य एक मानसिक रूप से विक्षिप्त व्यक्ति द्वारा किया गया है, जिसकी तलाश की जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 10 मार्च 2026 की सुबह सूचना मिली कि गार्डन चौक स्थित अटल परिसर का शिलालेख निकालकर जमीन पर पटकते हुए तोड़ दिया गया है। सूचना मिलते ही थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सिटी सर्विलांस सिस्टम के तहत गार्डन चौक में लगे सीसीटीवी कैमरों की बारीकी से जांच की।

सीसीटीवी फुटेज के अवलोकन में 9 और 10 मार्च की दरम्यानी रात एक व्यक्ति द्वारा अटल परिसर का शिलालेख निकालकर जमीन पर पटकते हुए उसे तोड़ते देखा गया। जांच में उसकी पहचान योगेश दास मानिकपुरी उर्फ कचरू के रूप में हुई है, जो मानसिक रूप से विक्षिप्त बताया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार कचरू अत्यधिक शराब पीने की प्रवृत्ति का है और हाल के दिनों में उसकी मानसिक स्थिति भी बिगड़ गई है। कुछ दिन पहले भी उसे सड़क के बीचो-बीच शराब पीते हुए पकड़ा गया था, जिस पर उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई थी।

फिलहाल शिलालेख तोड़ने की घटना के बाद पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।