फर्जी दस्तावेज से जमीन हड़पने की कोशिश, महिला सहित दो आरोपी गिरफ्तार

संजू पैकरा/बलौदाबाजार 13 मार्च 2026

फर्जी फोटो और हस्ताक्षर से जमीन की रजिस्ट्री कराने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

बलौदाबाजार। सिटी कोतवाली पुलिस ने फर्जी तरीके से जमीन की रजिस्ट्री कराने के मामले में एक महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने षडयंत्रपूर्वक किसी अन्य महिला का फोटो लगाकर और फर्जी हस्ताक्षर व अंगूठा निशान के सहारे जमीन की रजिस्ट्री करा दी थी।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत कसडोल निवासी प्रार्थी तिहारिन बाई साहू ने शिकायत दर्ज कराई थी कि ग्राम छेछर स्थित उसके नाम की जमीन का बंटवारा प्रकरण तहसील न्यायालय कसडोल में लंबित है। इसी दौरान जब उप पंजीयक कार्यालय बलौदाबाजार से जमीन की रजिस्ट्री के दस्तावेज और भूमि की नकल निकलवाई गई तो पता चला कि उसके फोटो की जगह किसी अन्य महिला का फोटो लगाकर फर्जी तरीके से जमीन की रजिस्ट्री कर दी गई है। इतना ही नहीं, उसकी बहन त्रिवेणी बाई के फोटो के स्थान पर भी दूसरी महिला का फोटो लगाकर फर्जी हस्ताक्षर और अंगूठा निशान लगाकर रजिस्ट्री कराई गई थी।

मामले की शिकायत पर सिटी कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 1119/2025 धारा 420, 34 भादवि के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में पुलिस टीम ने जांच के दौरान एक महिला सहित दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने प्रार्थिया और उसके रिश्तेदारों की जमीन को धोखाधड़ी कर फर्जी तरीके से रजिस्ट्री कराना स्वीकार किया।

पुलिस ने मामले में आरोपी गंगा साहू (45 वर्ष) और श्रवण कुमार वर्मा (51 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम छेछर थाना कसडोल को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों को शुक्रवार को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है। वहीं मामले में अन्य आरोपियों की संलिप्तता को लेकर पुलिस की जांच जारी है।