संजू पैकरा/बलौदाबाजार 16 मार्च 2026
बलौदाबाजार में किशोरियों के लिए एचपीवी टीकाकरण शुरू, सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए निःशुल्क टीका

बलौदाबाजार, 16 मार्च 2026। जिले में किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण की शुरुआत कर दी गई है। भारत सरकार द्वारा इस टीकाकरण अभियान का शुभारंभ प्रधानमंत्री Narendra Modi के द्वारा किया गया था, जिसके तहत अब जिले में भी बालिकाओं को यह टीका लगाया जा रहा है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश अवस्थी ने बताया कि एचपीवी संक्रमण से बचाव के लिए यह टीका उन किशोरावस्था की बालिकाओं को लगाया जा रहा है, जिन्होंने अपना 14वां जन्मदिन पूरा कर लिया है लेकिन 15 वर्ष की आयु पूरी नहीं हुई है। आयु प्रमाण के लिए आधार कार्ड या अन्य फोटो पहचान पत्र मान्य होगा। यदि पहचान पत्र उपलब्ध नहीं है तो अभिभावकों द्वारा हस्ताक्षरित घोषणा पत्र के आधार पर भी टीकाकरण किया जा सकेगा।
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. के.के. टेम्भूरने ने बताया कि एचपीवी वायरस आगे चलकर महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण बनता है। इस टीकाकरण का उद्देश्य किशोरियों को इस गंभीर बीमारी से बचाव प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि निजी अस्पतालों में यह टीका पहले से उपलब्ध था, लेकिन वहां इसके लिए शुल्क देना पड़ता था। अब शासन द्वारा इसे निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे अधिक से अधिक लोग इसका लाभ ले सकें।
अपनी बेटी वैशाली को जिला अस्पताल में टीका लगवाने आए शिक्षक अरुण वर्मा ने बताया कि उन्हें समाचार और सोशल मीडिया के माध्यम से इस टीकाकरण की जानकारी मिली। पहले वे निजी अस्पताल में टीका लगवाने की सोच रहे थे, लेकिन जिला अस्पताल में निःशुल्क सुविधा मिलने के कारण उन्होंने यहीं टीकाकरण कराया।
प्रत्येक टीकाकरण सत्र स्थल पर प्रतीक्षालय, टीकाकरण कक्ष और निगरानी कक्ष की समुचित व्यवस्था की गई है। टीकाकरण के बाद प्रत्येक लाभार्थी को 30 मिनट तक निगरानी में रखा जाएगा तथा टीकाकरण का प्रमाण पत्र भी प्रदान किया जाएगा।
