संजू पैकरा/बलौदा बाजार 18 मार्च 2026
बलौदाबाजार में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन, जल संचयन पर जोर और जल संरक्षण की दिलाई गई शपथ
बलौदाबाजार, 18 मार्च 2026/ कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देश पर बुधवार को जिले के सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। ग्राम सभाओं में विशेष रूप से “मोर गांव मोर पानी अभियान 2.0” के तहत जल संचयन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई तथा उपस्थित ग्रामीणों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई।
ग्राम सभा के दौरान ग्राम पंचायतों में स्थापित ग्रामीण पेयजल व्यवस्था के संचालन एवं संधारण के लिए जल प्रभार निर्धारण का प्रस्ताव पारित कर अनुमोदन किया गया। साथ ही जल प्रभार की राशि के संकलन हेतु संबंधित पंजियों के संधारण, पेयजल गुणवत्ता परीक्षण पंजी एवं निरीक्षण पंजी के रख-रखाव पर भी चर्चा हुई।
इसके अलावा ग्राम पंचायतों में निर्मित सभी प्रधानमंत्री आवासों में शत-प्रतिशत रूफटॉप रेन वाटर हार्वेस्टिंग संरचना निर्माण का संकल्प भी लिया गया। ग्राम सभाओं में अन्य विकासात्मक विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
ग्राम सभा के सफल आयोजन के लिए नियुक्त नोडल अधिकारी संबंधित ग्राम सभाओं में उपस्थित रहे और कार्यवाही में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए जल संरक्षण की शपथ दिलाई।
