(मानस साहू)
बलौदाबाजार/ कसडोल श्रमजीवी पत्रकार संघ चुनाव: प्रवीण ढोमने बने अध्यक्ष, शांतिपूर्ण माहौल में मतदान संपन्न
कसडोल, 18 मार्च। कसडोल ब्लॉक श्रमजीवी पत्रकार संघ के अध्यक्ष पद के लिए बुधवार को चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित माहौल में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। चुनाव में संघ के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
अध्यक्ष पद के लिए हुए इस चुनाव में सुनील तिवारी और प्रवीण ढोमने के बीच सीधा मुकाबला रहा। मतदान प्रक्रिया बलौदाबाजार श्रमजीवी पत्रकार संघ के जिला अध्यक्ष रामाघार पटेल की उपस्थिति में सम्पन्न हुई, जिसमें कुल 30 सदस्यों ने मतदान किया।
मतगणना के बाद घोषित परिणाम में प्रवीण ढोमने को 18 मत प्राप्त हुए, जबकि सुनील तिवारी को 12 मत मिले। इस प्रकार प्रवीण ढोमने स्पष्ट बहुमत के साथ अध्यक्ष पद के लिए निर्वाचित घोषित किए गए।
जिला अध्यक्ष रामाघार पटेल ने नव-निर्वाचित अध्यक्ष को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रवीण ढोमने जल्द ही कार्यभार संभालकर नई कार्यकारिणी का गठन करेंगे और संघ को नई दिशा प्रदान करेंगे।
अपनी जीत पर प्रवीण ढोमने ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे संगठन द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाएंगे तथा सभी को साथ लेकर संघ को आगे बढ़ाने का प्रयास करेंगे।
चुनाव के दौरान प्रदेश सचिव दिनेश मिश्रा, संरक्षक देवेन्द्र साहू, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष साहेब लाल साहू, पूर्व सचिव सुनील तिवारी सहित कई वरिष्ठ एवं सक्रिय सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने नव-निर्वाचित अध्यक्ष को बधाई दी।
