दाल मिल में सेंधमारी: 12 घंटे में 3 आरोपी गिरफ्तार, 345 किलो दाल बरामद

संजू पैकरा/बलौदा बाजार 19 मार्च 2026

दाल मिल में चोरी करने वाले 3 आरोपी 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार, 345 किलो दाल बरामद

भाटापारा, 18 मार्च 2026। थाना भाटापारा शहर पुलिस ने सूरजपुरा रोड स्थित एक दाल मिल में हुई चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को महज 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की 345 किलोग्राम दाल, जिसकी कीमत करीब ₹34,500 बताई जा रही है, बरामद की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी दिनेश गोविंदानी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 16 मार्च की शाम दाल मिल बंद कर घर जाने के बाद जब 17 मार्च की सुबह मिल खोली गई, तो ऑफिस की खिड़की टूटी हुई और अंदर का ताला भी टूटा मिला। जांच करने पर पता चला कि मिल से करीब 8 से 10 क्विंटल दाल चोरी हो चुकी थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में भाटापारा शहर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी पटपर क्षेत्र में कुछ संदिग्ध व्यक्तियों के पास चोरी की दाल रखी गई है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दबिश देकर तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने दाल मिल के पीछे से घुसकर खिड़की और ताला तोड़कर चोरी करना स्वीकार किया। उन्होंने चोरी की दाल को आपस में बांटने की बात भी कबूली।

गिरफ्तार आरोपियों में नंदकुमार उर्फ भोला यदू (26 वर्ष), करण यदू (21 वर्ष) और जीराखन चतुर्वेदी (21 वर्ष), सभी निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी पटपर, भाटापारा शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।