गुवाहाटी/तिरुवनंतपुरम। आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने असम और केरल के लिए अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है।
भाजपा ने असम विधानसभा चुनाव के लिए पहली सूची जारी करते हुए 88 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं। इस सूची में मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा का नाम भी शामिल है। वे अपनी पारंपरिक सीट जालुकबारी से चुनाव लड़ेंगे। हिमंता इस सीट से छठी बार मैदान में उतर रहे हैं।

सूची में हाल ही में पार्टी में शामिल हुए नेताओं को भी मौका दिया गया है। एक दिन पहले भाजपा में शामिल हुए कांग्रेस सांसद प्रद्युत बोरदोलोई को दिसपुर सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं करीब 25 दिन पहले भाजपा में आए पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष भूपेन बोरा को भी पार्टी ने टिकट दिया है।
असम में कुल 126 विधानसभा सीटें हैं, जिन पर चुनाव होने हैं। भाजपा ने पहली सूची में ही कई प्रमुख चेहरों को मैदान में उतार दिया है।
वहीं केरल विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने गुरुवार को उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की। इस सूची में 39 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं। पार्टी अब तक दो सूचियों के जरिए कुल 86 उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है।
इस बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सांसद शशि थरूर ने मुख्यमंत्री पद को लेकर चल रही चर्चाओं पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे मुख्यमंत्री पद के दावेदार नहीं हैं और न ही विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं। थरूर ने कहा कि मुख्यमंत्री वही होना चाहिए जो विधायक चुना जाए।
राजनीतिक दलों द्वारा उम्मीदवारों की घोषणा के साथ ही असम और केरल में चुनावी माहौल और गरमा गया है। आने वाले दिनों में अन्य दलों की सूची और चुनावी रणनीतियों पर भी नजर रहेगी।
