संजू पैकरा/बलौदाबाजार 20 मार्च 2026
कलेक्टर की पहल से नेटवर्क मार्केटिंग के जाल में फंसे 11 युवा सकुशल लौटे घर
बलौदाबाजार, 19 मार्च 2026। कलेक्टर कुलदीप शर्मा की सक्रिय पहल से नेटवर्क मार्केटिंग के नाम पर उत्तरप्रदेश के झाँसी जिले में फंसे बलौदाबाजार जिले के 11 युवाओं की सुरक्षित घर वापसी सुनिश्चित की गई। घर लौटने के बाद युवाओं ने गुरुवार को कलेक्टर से मुलाकात कर प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
कलेक्टर श्री शर्मा ने युवाओं को समझाइश देते हुए कहा कि रोजगार के लिए बाहर जाने से पहले पूरी जानकारी जरूर लें और स्थानीय स्तर पर भी रोजगार के अवसरों की तलाश करें।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत गोगिया एवं चमारी के सरपंच शिव कुमार गोयल ने कलेक्टर को शिकायत पत्र सौंपकर बताया था कि उनके गांव के गजेन्द्र बंजारे, हुसैन घृतलहरे सहित अन्य युवा झाँसी जिले के मउरानी क्षेत्र में नेटवर्क मार्केटिंग के काम के लिए ले जाए गए थे। वहां उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा था और घर लौटने नहीं दिया जा रहा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने झाँसी के कलेक्टर मृदुल चौधरी से संपर्क कर पूरी स्थिति से अवगत कराया और सहयोग मांगा। इसके बाद श्रम विभाग और भाटापारा ग्रामीण थाना की संयुक्त टीम गठित की गई। झाँसी प्रशासन, एसडीएम और पुलिस की तत्परता से कार्रवाई करते हुए युवाओं को मुक्त कराया गया और सुरक्षित उनके गृह जिले भेजा गया।
इस अभियान के तहत विभिन्न राज्यों के लगभग 200 युवाओं को मुक्त कराया गया, जिनमें छत्तीसगढ़ के करीब 35 युवा शामिल थे। इनमें बलौदाबाजार जिले के 11 युवाओं की भी सफलतापूर्वक घर वापसी कराई गई।
