संजू पैकरा/ बलौदाबाजार 23 मार्च 2026
नाबालिग से मारपीट करने वाला सिक्योरिटी गार्ड गिरफ्तार, वायरल वीडियो से हुआ खुलासा
बलौदाबाजार, 23 मार्च 2026। सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने नाबालिग बच्चे के साथ मारपीट करने वाले एक सिक्योरिटी गार्ड को त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी द्वारा बच्चे के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुप्स में वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 22 मार्च 2026 की रात वायरल वीडियो में अंबुजा अदानी सीमेंट संयंत्र रवान में तैनात सिक्योरिटी गार्डों द्वारा एक नाबालिग बच्चे के साथ मारपीट की घटना सामने आई। मामले में ग्राम रवान निवासी कार्तिक साहू की रिपोर्ट पर सिटी कोतवाली थाना में अपराध क्रमांक 256/2026 के तहत धारा 296, 351(2), 115(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सिक्योरिटी गार्ड श्रीराम पाण्डेय (उम्र 33 वर्ष) को रिपोर्ट दर्ज होने के मात्र एक घंटे के भीतर ही हिरासत में ले लिया। आरोपी को बाद में विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।
पुलिस द्वारा मामले की विस्तृत जांच जारी है। साथ ही वायरल वीडियो के आधार पर अन्य संलिप्त आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
