छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) ने कक्षा 12वीं की हिन्दी विषय की परीक्षा को रद्द कर दिया है। मंडल द्वारा जारी आदेश के अनुसार 14 मार्च 2026 को आयोजित हिन्दी परीक्षा अब अमान्य मानी जाएगी। अब यह परीक्षा दोबारा 10 अप्रैल 2026 को आयोजित की जाएगी। इसका मतलब है कि छात्रों को हिन्दी का पेपर फिर से देना होगा।
दरअसल, 15 और 16 मार्च को सोशल मीडिया और कुछ समाचार पत्रों में हिन्दी विषय के सेट ‘बी’ का प्रश्नपत्र लीक होने के दावे सामने आए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जांच के लिए साइबर थाने में लिखित सूचना दी गई। साथ ही सिटी कोतवाली में इस मामले को लेकर FIR भी दर्ज की गई है।
मामले की जांच के बाद 23 मार्च 2026 को मंडल की परीक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। जांच में पेपर लीक की पुष्टि होने के बाद समिति ने 14 मार्च को हुई हिन्दी परीक्षा को निरस्त करने का फैसला लिया।
मंडल के अनुसार अब हिन्दी विषय की परीक्षा 10 अप्रैल 2026 को सुबह 9:00 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक आयोजित की जाएगी। छात्रों को सुबह 9:00 बजे तक परीक्षा केंद्र पहुंचना अनिवार्य होगा।
9:05 बजे उत्तर पुस्तिका दी जाएगी
9:10 बजे प्रश्नपत्र वितरित होगा
9:15 बजे से छात्र लिखना शुरू कर सकेंगे
मंडल ने छात्रों को नई समय-सारणी ध्यान से देखने और उसी के अनुसार तैयारी करने की सलाह दी है। साथ ही यह भी कहा गया है कि जरूरत पड़ने पर परीक्षा की तारीख और समय में बिना पूर्व सूचना के बदलाव किया जा सकता है। यदि परीक्षा के दिन कोई अवकाश घोषित होता है, तब भी परीक्षा तय समय पर ही आयोजित की जाएगी।
