दक्षिण अमेरिकी देश कोलंबिया के दक्षिणी अमेजन क्षेत्र में सोमवार को सेना का एक परिवहन विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस भीषण हादसे में अब तक कम से कम 66 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद मलबे के बीच अब भी लगभग 21 लोग लापता हैं, जिनकी तलाश के लिए राहत और बचाव अभियान जारी है।
जानकारी के मुताबिक विमान में कुल 125 लोग सवार थे। यह दुर्घटना कोलंबियाई वायु सेना के हाल के इतिहास की सबसे घातक विमान दुर्घटनाओं में से एक मानी जा रही है।
पुटुमायो विभाग के गवर्नर जॉन गैब्रियल मोलिना ने स्थानीय मीडिया को बताया कि हादसे में 66 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। कई लोग घायल हुए हैं और 21 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। बचाव दल लगातार मलबे के बीच खोजबीन कर रहा है।
रक्षा मंत्री पेड्रो सांचेज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि लॉकहीड मार्टिन द्वारा निर्मित हरक्यूलिस C-130 सैन्य परिवहन विमान पेरू सीमा के पास स्थित प्यूर्टो लेगुइजामो से उड़ान भर रहा था, तभी यह दुर्घटना हो गई।
उन्होंने यह भी कहा कि मृतकों और घायलों की संख्या में बदलाव हो सकता है, क्योंकि राहत और बचाव कार्य अभी जारी है। अधिकारियों के अनुसार दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
