रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य सचिव Amit Kataria के नाम पर एक शख्स द्वारा अस्पताल संचालकों से ठगी करने का मामला सामने आया है। आरोपी खुद को सचिव का करीबी बताकर अस्पतालों के खिलाफ कार्रवाई से बचाने के नाम पर मोटी रकम की मांग कर रहा था। मामले की जानकारी सामने आने के बाद स्वास्थ्य सचिव ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की पहल की है।
मिली जानकारी के अनुसार आरोपी अस्पताल संचालकों को फोन कर खुद को “अजय अग्रवाल” बताता था। वह कहता था कि उनके अस्पताल के खिलाफ मंत्रालय में शिकायत आई है और अगर कार्रवाई से बचना है तो पैसे देने होंगे। इस तरह वह डर का माहौल बनाकर अस्पताल संचालकों से रकम मांगता था।
आरोपी की ठगी का तरीका भी काफी सुनियोजित था। वह अस्पताल संचालकों को मंत्रालय तक बुलाता था, जिससे उन्हें यह भरोसा हो जाए कि उसका मंत्रालय में सीधा संपर्क है। जब डॉक्टर या संचालक मंत्रालय पहुंचते, तो आरोपी उन्हें गेट पर ही रुकने के लिए कहता और बहाना बनाता कि “साहब अभी मीटिंग में हैं।” इस तरह वह लोगों को भ्रम में रखकर अपनी बात मनवाने की कोशिश करता था।
मामला बढ़ने के बाद स्वास्थ्य सचिव Amit Kataria ने Sanjeev Shukla को लिखित शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई करने को कहा है।
स्वास्थ्य विभाग ने भी अस्पताल संचालकों और डॉक्टरों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसी भी अधिकारी या मंत्रालय के नाम पर यदि कोई व्यक्ति पैसे की मांग करता है तो तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दें।
