हिंगोली 11 अप्रैल 2026 : महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र में शनिवार सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए। हिंगोली जिले में आए इस भूकंप की तीव्रता 4.7 मापी गई, जिसके झटके पड़ोसी जिलों नांदेड़ और परभणी के कुछ हिस्सों में भी महसूस किए गए।
अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल किसी प्रकार की जनहानि या बड़े नुकसान की कोई सूचना नहीं है। हालांकि हिंगोली जिले के पांगरा शिंदे गांव में कुछ घरों और एक कम्युनिटी हॉल में दरारें आने की खबर है।
हिंगोली के कलेक्टर राहुल गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और संबंधित टीमों को अलर्ट पर रखा गया है।
नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार, भूकंप सुबह 8:45 बजे दर्ज किया गया। इसका केंद्र हिंगोली जिले की वसमत तहसील के शिरली गांव में जमीन से करीब 10 किलोमीटर की गहराई पर स्थित था।
