सरकार द्वारा प्रस्तावित बदलाव के अनुसार 2029 से महिला आरक्षण लागू करने और लोकसभा सीटें बढ़ाने की योजना भारतीय चुनावी व्यवस्था में बड़ा परिवर्तन ला सकती है

नई दिल्ली 15 अप्रैल 2026 : लोकसभा की कुल सीटें 543 से बढ़ाकर लगभग 850 करने का प्रस्ताव है,इनमें से 33% सीटें (करीब 273 सीटें) महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी

महिला आरक्षण 2029 के लोकसभा चुनाव से लागू करने की तैयारी है

सरकार ने 2029 के लोकसभा चुनावों से महिला आरक्षण अधिनियम लागू करने के लिए लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाकर 850 करने का प्रस्ताव रखा है। सूत्रों के अनुसार, 815 सीटें राज्यों के लिए और बाकी 35 सीटें केंद्र शासित प्रदेशों के लिए प्रस्तावित हैं।

850 में से 273 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी। वर्तमान में लोकसभा में 543 सीटें हैं। सरकार 16, 17 और 18 अप्रैल को संसद के विशेष सत्र में 2029 से लोकसभा में 33% महिला आरक्षण लागू करने के लिए संविधान संशोधन विधेयक लाने की योजना बना रही है।

सरकार ने मंगलवार को संविधान (131वां संशोधन) बिल, परिसीमन विधेयक (संशोधन) बिल और केंद्र शासित प्रदेश कानून (संशोधन) बिल, 2026 ड्राफ्ट सभी सांसदों को भेजे हैं। पीएम मोदी 17 अप्रैल को बहस का जवाब दे सकते हैं।

इन बदलावों को 2029 के आम चुनाव से लागू करने की योजना है। हालांकि इस पर विरोध भी शुरू हो गया है। तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी ने पीएम मोदी को चिट्‌ठी लिखकर कहा कि दक्षिणी राज्यों को सीटें बढ़ाना मंजूर नहीं।