रायपुर में ऑनलाइन सट्टा गिरोह पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 3 युवक गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी रायपुर के राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने देर रात छापेमारी कर आरोपियों को उस समय पकड़ा, जब वे मोबाइल के जरिए ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे थे।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हर्षित मोटवानी, लकी पाहुजा और हनी गंगवानी के रूप में हुई है। मौके से पुलिस ने मोबाइल फोन, डिजिटल रिकॉर्ड समेत सट्टे से जुड़ी अन्य सामग्री जब्त की है।

प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि आरोपी अलग-अलग मोबाइल नंबर और विभिन्न ऐप्स का उपयोग कर ऑनलाइन सट्टा खिलाने का नेटवर्क चला रहे थे। यह भी आशंका जताई जा रही है कि इस नेटवर्क के तार अन्य शहरों से भी जुड़े हो सकते हैं।

फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी हुई है। मामले में विस्तृत खुलासा रायपुर पुलिस के अधिकारी जल्द ही कर सकते हैं।