थाने में बीजेपी कार्यकर्ता की पिटाई, ASI ने जड़े 20 थप्पड़, VIDEO वायरल

बिलासपुर के रतनपुर थाने का मामला, SSP ने आरोपी ASI को किया सस्पेंड, FIR दर्ज

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में पुलिस की दबंगई का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। अपने केस की जानकारी लेने थाने पहुंचे एक बीजेपी कार्यकर्ता को ASI ने बेरहमी से पीट दिया। मारपीट का LIVE CCTV वीडियो भी सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

घटना रतनपुर थाना क्षेत्र की है, जहां बनियापारा निवासी विनोद जायसवाल 12 अप्रैल को अपने पुराने केस की जानकारी लेने पहुंचे थे। दोपहर करीब 2:30 बजे उनकी मुलाकात ASI दिनेश तिवारी से हुई।

जानकारी मांगना पड़ा भारी

पीड़ित विनोद जायसवाल के मुताबिक, उन्होंने अपने केस की जांच रिपोर्ट कोर्ट में पेश करने की जानकारी मांगी। इसी बात पर ASI दिनेश तिवारी भड़क गए और गाली-गलौज करते हुए उन्हें 15 से 20 थप्पड़ जड़ दिए।

इतना ही नहीं, ASI ने धमकी देते हुए कहा— “बड़ा नेता है? तेरी सारी नेतागिरी निकाल दूंगा, तुझे जेल भिजवा दूंगा।”

CCTV VIDEO वायरल, पुलिस महकमे में हड़कंप

इस पूरी घटना का CCTV वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि वीडियो थाने के अंदर से ही किसी पुलिसकर्मी द्वारा लीक किया गया है।

रिश्वत मांगने का भी आरोप

पीड़ित ने ASI पर यह भी आरोप लगाया है कि जांच रिपोर्ट कोर्ट में पेश करने के एवज में पैसे की मांग की गई थी।

SSP की सख्त कार्रवाई

मामले की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी और ट्रेनी IPS अंशिका जैन ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। इसके बाद SSP रजनेश सिंह ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी ASI दिनेश तिवारी को सस्पेंड कर दिया है।

साथ ही पीड़ित की शिकायत पर उसी थाने में आरोपी ASI के खिलाफ FIR भी दर्ज कर ली गई है।

जांच जारी, और कार्रवाई संभव

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। आगे की जांच में और भी तथ्य सामने आने की संभावना है।