भिलाई भाजपा में बगावत तेज: युवा मोर्चा की सूची पर बवाल, 10 मंडल अध्यक्षों ने समानांतर टीम के साथ कार्यालय पहुंचकर दिखाया शक्ति प्रदर्शन

भिलाई में भारतीय जनता पार्टी के भीतर चल रही गुटबाजी अब खुले टकराव में बदलती नजर आ रही है। मंगलवार को बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया, जब 10 मंडलों के भाजपा अध्यक्ष अपने-अपने नव नियुक्त पदाधिकारियों के साथ भाजपा कार्यालय भिलाई पहुंच गए।

दरअसल, भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष सौरभ जायसवाल ने 19 अप्रैल को 13 मंडलों के अध्यक्ष और महामंत्री की सूची जारी की थी। लेकिन इस सूची को 20 अप्रैल को 13 में से 10 मंडल अध्यक्षों ने सिरे से खारिज कर दिया। इतना ही नहीं, इन मंडल अध्यक्षों ने अपनी अलग समानांतर सूची जारी कर संगठन के भीतर असहमति को खुलकर सामने ला दिया।

विवाद यहीं नहीं थमा। मंगलवार को वही 10 मंडल अध्यक्ष अपने-अपने मंडलों के युवा मोर्चा अध्यक्ष और महामंत्रियों को लेकर भाजपा कार्यालय पहुंचे। सभी का उद्देश्य अपने-अपने पदाधिकारियों को पद ग्रहण कराना था। इस दौरान कार्यालय में गहमागहमी का माहौल देखने को मिला और संगठन के भीतर खींचतान साफ तौर पर नजर आई।

सूत्रों के मुताबिक, सूची को लेकर लंबे समय से असंतोष पनप रहा था, जो अब खुलकर सामने आ गया है। इस घटनाक्रम ने पार्टी के अंदरूनी मतभेदों को उजागर कर दिया है और आने वाले दिनों में यह विवाद और गहरा सकता है।