दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला ने घर में घुसकर आरक्षक की पत्नी और उसके 9 वर्षीय बेटे की चाकू मारकर हत्या कर दी, जबकि दो बेटियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। वारदात के दौरान एक बेटी ने बाथरूम में छिपकर अपनी जान बचाई।
यह पूरा मामला सुपेला थाना क्षेत्र स्थित STF कॉलोनी का है। मिली जानकारी के अनुसार, मृतिका का नाम रीना यादव है। उनके पति ललितेश यादव STF में आरक्षक हैं और वर्तमान में बीजापुर में पदस्थ हैं। वे इन दिनों 15 दिन की छुट्टी पर दुर्ग आए हुए थे।
शनिवार सुबह करीब 8 बजे ललितेश यादव रेलवे स्टेशन रिजर्वेशन कराने गए थे। इसी दौरान आरोपी महिला सरोजनी भारद्वाज (25) घर पहुंची और अंदर घुसकर सो रहे बच्चे पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने मासूम पर 14 वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हमले के दौरान मां रीना यादव ने आरोपी का पैर पकड़कर अपनी बेटियों को भागने के लिए कहा। एक बेटी किसी तरह घर से बाहर निकलकर पड़ोसियों को सूचना देने में सफल रही, जबकि दूसरी बाथरूम में छिप गई, जिससे उसकी जान बच गई।
सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी महिला को पकड़ लिया। लोगों ने उसके हाथ से चाकू छीनकर पुलिस को सूचना दी।
प्रारंभिक जानकारी में वारदात की वजह अवैध संबंध बताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। आरोपी महिला जांजगीर की रहने वाली बताई जा रही है और दुर्ग में किराए के मकान में रह रही थी।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल है।
