रायपुर 30 अप्रैल 2026 : आमासिवनी स्थित कंवल प्लास्टिक फैक्ट्री में भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना महालेखाकार कार्यालय के पीछे स्थित फैक्ट्री की है, जहां सुबह करीब 11 बजे धुआं उठता देख लोगों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र को खाली कराया गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
फायर ब्रिगेड की 5 से ज्यादा गाड़ियां मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में जुट गईं। प्लास्टिक सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैल गई और काले धुएं का गुबार दूर तक दिखाई दिया। दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग को धीरे-धीरे नियंत्रण में लाया जा रहा है। राहत की बात यह रही कि अब तक किसी जनहानि की सूचना नहीं है। हालांकि फैक्ट्री में रखे सामान और मशीनों को भारी नुकसान होने की आशंका है। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी लगातार मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। आसपास के लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है। फिलहाल आग बुझाने का काम जारी है और पूरी तरह काबू पाने के बाद ही नुकसान का आकलन किया जाएगा। वहीं, प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं, ताकि आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके। आगजनी का प्रारंभिक कारण पुलिस द्वारा शार्ट-सर्किट बताया जा रहा है।
