‘स्वच्छ रेल, स्वच्छ भारत’ अभियान को मिली नई मजबूती
बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल के नौ प्रमुख रेलवे स्टेशनों को पर्यावरण अनुकूल कार्यप्रणाली के लिए अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप ISO 14001:2015 प्रमाण पत्र प्रदान किया गया है। रेलवे प्रशासन ने इसे भारतीय रेलवे की “स्वच्छ रेल, स्वच्छ भारत” परिकल्पना को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।
जिन स्टेशनों को यह प्रतिष्ठित प्रमाण पत्र प्राप्त हुआ है उनमें बिलासपुर, चांपा, रायगढ़, कोरबा, अनूपपुर, पेंड्रारोड, शहडोल, उमरिया और अंबिकापुर स्टेशन शामिल हैं। यह प्रमाण पत्र इन स्टेशनों की उत्कृष्ट पर्यावरण प्रबंधन प्रणाली और स्वच्छ संचालन व्यवस्था को दर्शाता है।
रेल प्रशासन के अनुसार, यह प्रमाण पत्र एक सघन और चुनौतीपूर्ण ऑडिट प्रक्रिया के बाद प्रदान किया गया। ऑडिट के दौरान स्टेशनों पर स्वच्छता व्यवस्था, अपशिष्ट प्रबंधन, जल संरक्षण, ऊर्जा दक्षता और पर्यावरण जागरूकता जैसे विभिन्न मानकों का गहन मूल्यांकन किया गया।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इन स्टेशनों पर पर्यावरण संरक्षण को लेकर लगातार विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। स्वच्छता बनाए रखने, प्लास्टिक उपयोग कम करने, जल संरक्षण और ऊर्जा बचत जैसे उपायों को प्रभावी ढंग से लागू किया गया है।
इस उपलब्धि का श्रेय मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन के कुशल मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता (EnHM), वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक और मंडल यांत्रिक अभियंता (EnHM) के प्रभावी नेतृत्व को दिया गया है।
रेल प्रशासन ने विश्वास जताया है कि भविष्य में भी बिलासपुर मंडल पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ रेलवे स्टेशन विकसित करने की दिशा में लगातार बेहतर कार्य करता रहेगा।
