अभिनेता विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) की सरकार बनने पर सस्पेंस बना हुआ है। इस बीच DMK और AIADMK के बीच गठबंधन होने की खबर है। इस पर TVK ने कहा कि अगर दोनों द्रविड़ पार्टियां सरकार बनाने का दावा पेश करती हैं, तो पार्टी के सभी विधायक इस्तीफा दे देंगे।
TVK को अब शक है कि दोनों पार्टियां सबसे ज्यादा जनसमर्थन पाने वाली पार्टी को सत्ता से बाहर करना चाहती हैं। सूत्रों के मुताबिक यह फैसला DMK-AIADMK खेमों की पिछले दो दिनों में हुई दो बैठकों के बाद लिया गया।
इस बीच, TVK समर्थकों ने शुक्रवार सुबह गवर्नर हाउस (लोकभवन) के सामने प्रदर्शन और नारेबाजी की। पुलिस ने कई समर्थकों को हिरासत में लिया है।
राज्यपाल राजेंद्र अर्लेकर ने गुरुवार को दूसरी बार TVK प्रमुख विजय के सरकार बनाने के दावे को खारिज कर दिया था। उनसे कहा कि वे बहुमत साबित करने के लिए 118 विधायकों के हस्ताक्षर लेकर ही लौटें। हालांकि, राज्यपाल ने विजय को आश्वासन दिया है कि वे किसी अन्य पार्टी को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित नहीं करेंगे।
