उत्तर प्रदेश में आंधी तूफान ने मचाई तबाही… करीब 100 लोगो की मौत

लखनऊ 14 मई 2026 उत्तर प्रदेश में बुधवार शाम को मौसम का कहर देखने को मिला. राज्य के कई जिलों में आंधी तूफान और भारी बारिश से कई लोगों की मौत हो गई. कई जगह पेड़ उखड़कर सड़कों पर गिर गए. इससे ट्रैफिक प्रभावित हो गया. मिर्जापुर जिले में आंधी पानी के कारण अलग-अलग थाना क्षेत्र में अब तक कुल 14 लोगों की जान चली गई है. वहीं फतेहपुर में 7 लोगों की मौत हो गई. बरेली में 4 लोगों की मौत हो गई है. जबकी कानपुर और कौशांबी में एक एक लोगों की मौत हो गई. वहीं जानमाल को भी भारी नुकासन पहुंचा है.

फतेहपुर जनपद में बुधवार शाम आए तेज आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचाई है. अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दीवार गिरने, पेड़ टूटने और टीन शेड ढहने की घटनाओं में दो महिलाओं समेत सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. हादसों के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया है, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. एडीएम अविनाश त्रिपाठी के मुताबिक, गाजीपुर थाना क्षेत्र के डोढ़ावर गांव निवासी 12 वर्षीय ऋतिक की मौत टीन शेड गिरने से हुई.

उत्तर प्रदेश में बेमौसम बारिश, आंधी और आकाशीय बिजली गिरने से हुए नुकसान पर पीड़ितों को मुआवजा देने का निर्देश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिए हैं. उन्होंने कहा कि पीड़ितों को राहत पहुंचाने का काम 24 घंटे के अंदर पूरा किया जाए. सीएम योगी ने जनहानि, पशुहानि और आर्थिकहानि पर दुख जताया है. उन्होंने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना की व्यक्त की.

सीएम योगी ने सभी जिलों के जिलाधिकारियों सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर पीड़ितों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए निर्देशित किया है. उन्होंने कहा कि इस काम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने का निर्देश दिया है. साथ ही राजस्व, कृषि विभाग और बीमा कंपनी से नुकसान का सर्वे कराकर शासन को भी अवगत कराने के लिए निर्देशित किया. सर्वे के बाद नुकसान का आंकलन पूरा कर तुंरत मुआवजा देने के लिए कहा गया है.

जिले में आई तेज आंधी-तूफान और बारिश में चार लोगों की मौत हो गई. वहीं आंवला तहसील क्षेत्र में आए भीषण चक्रवाती तूफान और तेज बारिश ने भारी तबाही मचा दी. अलग-अलग गांवों में दीवार, टिन शेड और पेड़ों के गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई मवेशी भी काल का शिकार हो गए. नंदगांव के मजरा जंगतीरा में घासीराम पुत्र पूरनलाल (38) अपने घर में मौजूद थे, तभी तेज हवाओं के चलते दीवार भरभराकर गिर गई और वह मलबे में दब गए. जबतक परिजन उन्हें बाहर निकालते, उनकी मौत हो चुकी थी.

वहीं भमोरा थाना क्षेत्र के नितोई गांव में पेड़ की टहनी गिरने से 65 वर्षीय गोमती देवी की मौके पर ही मौत हो गई. इसके साथ ही बेहटा जुनून गांव में टिन शेड गिरने से 61 वर्षीय लिपि की जान चली गई.वहीं हर्रामपुर में छात्रा देवकी सक्सेना (7) पर पेड़ गिरने से मौत होना बताया जा रहा है. तूफान के दौरान कई पेड़ धराशायी हो गए, जिसमें तजपुरा नवदिया और दरावनगर गांव में कई मवेशी भी दब गए. सूचना पर तहसील प्रशासन, लेखपाल और पुलिस टीम मौके पर पहुंची तथा नुकसान का आकलन शुरू कर दिया. प्रभावित परिवारों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है.

इसके साथ ही जिले में आई तेज आंधी-तूफान और बारिश के बीच एक युवक के हवा में उड़ने की सनसनीखेज घटना सामने आई है. भमोरा थाना क्षेत्र के बमियाना गांव में तेज हवाओं के दौरान बारात घर के बाहर खड़ा युवक अचानक टीन शेड समेत हवा में उछल गया. हवा में उछलने के बाद युवक नीचे गिर पड़ा, जिससे उसके हाथ-पैर में गंभीर चोटें आईं. परिजनों और ग्रामीणों ने तुरंत उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है.

यूपी के मिर्जापुर में आंधी पानी ने जमकर तबाही मचाई है. तेज आंधी तूफान के कारण 14 लोगों की जान चली गई है, कई घायल भी हैं. शहर लेकर गांव तक बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है. गौरा परमानपुर मार्ग का पीपा पुल टूटने से 20 गांव का आवागमन ठप हो गया है. कई इलाके में सड़क पर पेड़ गिरने से आवागमन तक बाधित हो गया है. जिले में पड़री थाना क्षेत्र में पांच की मौत हुई है. नदीगहना सारी पोखरी गांव में आम के पेड़ गिरने से 9 साल के बच्चे अंशु मौर्य की मौत हुई है.

जिले में पेड़, दीवार, टीन शेड और आकाशीय बिजली गिरने से अलग-अलग थाना क्षेत्रों में 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं. मृतकों में पड़री थाना क्षेत्र में-5,अदलहाट-3, कछवां-2, चील्ह-1, लालगंज-1, संतनगर-1, ,कोतवाली देहात-1 हैं.

छीतम पट्टी गांव में आम का पेड़ गिरने 17 वर्षीय किशोर अक्षय की मौत हुई है. मोहनपुर भवरख गांव में महुआ का पेड़ गिरने से महिला सरोज देवी की मौत हुई है. साथ ही महेवा में आम बिनने गए एक व्यक्ति बिहारी के भी मौत की खबर है. कछवां थाना क्षेत्र में भी दो की मौत हुई है. विदापुर की रहने वाली महिला बेईला देवी पर टिन का शेड गिरने से मौत हो गई है. हरदरा के पास स्कॉर्पियो गाड़ी पर पेड़ गिरने से राणा उर्फ बबलू की मौत हो गई है.

स्कार्पियो सवार दो गंभीर रूप से घायल है जिनको ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर किया गया है. चील्ह थाना क्षेत्र के गडगेड़ी गांव में आंधी तूफान से दीवार गिरने से 50 वर्षीय वृद्ध राम सागर जायसवाल की मौत हुई है. वहीं लालगंज थाना क्षेत्र के कोलकम गांव में आंधी पानी के कारण टिन शेड उड़ने से नीलम महिला की गर्दन कटने से मौत हो गई है. पड़री थाना इलाके में ही लालता यादव (70 वर्ष) की मौत हो गई. इसके साथ ही देहत कोतवाली क्षेत्र के कुरकुटिया पांडेय में एक चंद्रावती देवी की मौत हो गई. वहीं अदलहाट थाना क्षेत्र में आकाशीय बिजली से मंगल प्रसाद की मौत हुई है.