19 राज्यों में चलेगा वोटर वेरिफिकेशन अभियान, SIR का तीसरा चरण घोषित

नई दिल्ली 14 मई 2026 : भारत निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) के तीसरे चरण का ऐलान कर दिया है। इस चरण में देश के 16 राज्यों और 3 केंद्र शासित प्रदेशों, यानी कुल 19 राज्यों/यूटी को शामिल किया गया है।

इस चरण में हरियाणा, उत्तराखंड, महाराष्ट्र, कर्नाटक, झारखंड, पंजाब, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, ओडिशा, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, त्रिपुरा और सिक्किम जैसे राज्य शामिल हैं। वहीं दिल्ली, चंडीगढ़ और दादरा एवं नगर हवेली-दमन दीव केंद्र शासित प्रदेश भी इस प्रक्रिया का हिस्सा होंगे।

निर्वाचन आयोग के अनुसार, इस अभियान के तहत करीब 36.73 करोड़ मतदाताओं का सत्यापन किया जाएगा, जिसके लिए लगभग 3.94 लाख बूथ लेवल अधिकारी (BLO) तैनात होंगे।

इस प्रक्रिया का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाना है, ताकि आने वाले चुनाव निष्पक्ष तरीके से कराए जा सकें।

तीसरे चरण के बाद देश के अधिकांश हिस्सों में SIR पूरा हो जाएगा, जबकि हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में यह प्रक्रिया बाद में शुरू की जाएगी।