पश्चिम एशिया में जारी युद्ध और कच्चे तेल की आपूर्ति को लेकर बढ़ती वैश्विक चिंता का असर अब भारत में भी दिखाई देने लगा है। शुक्रवार सुबह 6 बजे से देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी गई। करीब दो साल बाद तेल कंपनियों ने ईंधन के दाम बढ़ाए हैं, जिससे आम लोगों की जेब पर सीधा असर पड़ना तय माना जा रहा है।
तेल कंपनियों द्वारा जारी नई दरों के अनुसार पेट्रोल की कीमत में ₹3.14 प्रति लीटर और डीजल में ₹3.11 प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। राजधानी दिल्ली समेत कई शहरों में नई कीमतें लागू हो गई हैं।
नई कीमतें
नियमित पेट्रोल: ₹94.77 से बढ़कर ₹97.91 प्रति लीटर
प्रीमियम पेट्रोल: ₹102-104 से बढ़कर ₹105.14-107.14 प्रति लीटर
नियमित डीजल: ₹87.67 से बढ़कर ₹90.78 प्रति लीटर
विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिम एशिया में युद्ध के चलते कच्चे तेल की सप्लाई प्रभावित होने की आशंका है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड ऑयल की कीमतों में तेजी आने के बाद तेल कंपनियों ने घरेलू बाजार में भी कीमतें बढ़ा दी हैं।
ईंधन महंगा होने से अब परिवहन खर्च बढ़ने की संभावना है, जिसका असर फल-सब्जियों से लेकर रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं पर पड़ सकता है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में महंगाई और बढ़ सकती है।
आर्थिक जानकारों के मुताबिक यदि पश्चिम एशिया में तनाव लंबे समय तक बना रहता है, तो पेट्रोल-डीजल की कीमतों में आगे भी बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं आम जनता को अब हर महीने बढ़े हुए ईंधन खर्च का अतिरिक्त बोझ उठाना पड़ेगा।
बड़ी बातें
2022 के बाद पहली बार पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़े
पेट्रोल ₹3.14 और डीजल ₹3.11 प्रति लीटर महंगा
पश्चिम एशिया युद्ध का सीधा असर भारतीय बाजार पर
ट्रांसपोर्ट महंगा होने से बढ़ सकती है महंगाई
आम आदमी की जेब पर बढ़ेगा खर्च
