पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं, अफसरों ने लोगों से की अपील

रायपुर 15 मई 2026 : राजधानी रायपुर में फ्यूल स्टेशनों पर गाड़ियों की लंबी कतारें लगी हुई है। इसे देखते हुए रायपुर कलेक्टर ने पेट्रोल पंप एसोसिएशन और पेट्रोल सप्लाई कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। अधिकारियों ने कहा कि पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और किसी भी तरह से घबराने की जरूरत नहीं है।

अधिकारियों ने आगे कहा कि वर्तमान में लोग अफवाहों के कारण पैनिक होकर सामान्य से ज्यादा पेट्रोल भरवा रहे हैं। जहां पहले लोग 2 लीटर पेट्रोल डलवाते थे, वहीं अब फुल टैंक करवा रहे हैं, जिससे पंपों पर भीड़ बढ़ रही है।

कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं कि अब डिपो से 24 घंटे पेट्रोल की सप्लाई की जाएगी। इससे पहले दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक टैंकरों को एंट्री की अनुमति थी। प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और पैनिक न हों।

वहीं लोगों का कहना है कि कई जगह पेट्रोल पंप बंद है। पेट्रोल नहीं मिल रहा है। इसलिए लाइन में लगे हुए हैं। इसके अलावा बिलासपुर में शहर और आउटर के करीब 13 पेट्रोल पंप पूरी तरह ड्राई हो चुके हैं। बताया गया कि पंप संचालकों ने तेल कंपनियों को भुगतान नहीं किया था, इसलिए टैंकर नहीं पहुंचे थे। अब कंपनियों को पेमेंट कर दिया गया है, जिसके बाद डिपो से टैंकर पहुंच रहे हैं।

देश में पेट्रोल-डीजल को लेकर फैल रही आशंकाओं के बीच राहत भरी खबर सामने आई है। सरकार और अधिकारियों ने साफ किया है कि देश में ईंधन की किसी भी तरह की कमी नहीं है और सप्लाई पूरी तरह सामान्य बनी हुई है।

अधिकारियों के मुताबिक भारत के पास पर्याप्त भंडार मौजूद है—करीब 60 दिनों का कच्चा तेल और पर्याप्त एलपीजी स्टॉक उपलब्ध है, जिससे आम जनता को किसी तरह की परेशानी नहीं होगी।

हालांकि, वैश्विक हालात और बढ़ती कीमतों को देखते हुए सरकार ने लोगों से ईंधन का सोच-समझकर इस्तेमाल करने की अपील की है। प्रधानमंत्री ने भी नागरिकों से कहा है कि जहां संभव हो वहां पब्लिक ट्रांसपोर्ट, कारपूलिंग और इलेक्ट्रिक वाहनों का इस्तेमाल बढ़ाएं।

सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि किसी को भी पेट्रोल पंपों पर घबराकर खरीदारी करने की जरूरत नहीं है, क्योंकि सप्लाई चेन पूरी तरह मजबूत है और देश में पर्याप्त उपलब्धता बनी हुई है। यानी साफ है—ईंधन की कमी नहीं, लेकिन समझदारी से उपयोग करना जरूरी है, ताकि देश पर आर्थिक बोझ कम किया जा सके।