कॉमेडियन कपिल शर्मा  के अमृतसर स्थित घर के बाहर देर रात फायरिंग, बाइक सवार बदमाशों ने चलाई गोलियां; पुलिस जांच में जुटी

अमृतसर 25 मई 2026 : पंजाब के अमृतसर से इस वक्त की सबसे बड़ी और चिंताजनक खबर सामने आ रही है। मशहूर कॉमेडियन और अभिनेता कपिल शर्मा के अमृतसर स्थित आलीशान घर के बाहर सोमवार को अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग कर दी। मिली जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने घर के बाहर दो राउंड गोलियां चलाईं, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि हमलावर एक बाइक पर सवार होकर आए थे और घटना को अंजाम देने के बाद तेजी से फरार हो गए। इस घटना के बाद पूरे पॉश इलाके में दहशत का माहौल है। गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।

कपिल शर्मा का यह घर अमृतसर के बेहद सुरक्षित और पॉश इलाके ‘हॉली सिटी’ में स्थित है। फायरिंग की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया और पूरे इलाके को चारों तरफ से सील कर दिया गया है। पुलिस फिलहाल इस बात की विस्तृत जानकारी जुटा रही है कि घटना के वक्त कपिल शर्मा के इस घर के भीतर कौन-कौन मौजूद था। हालांकि, राहत की बात यह है कि कपिल शर्मा इस समय अपने परिवार के साथ मुंबई में हैं, इसलिए वे सुरक्षित हैं। पुलिस की टीमें आसपास के लोगों और घटना के चश्मदीदों के बयान दर्ज कर रही हैं।

पुलिस ने घटना को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है। हमलावरों का सुराग लगाने के लिए पुलिस ने कपिल शर्मा के घर के बाहर और आसपास के अन्य वीआईपी (VIP) घरों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है। तकनीकी टीम फुटेज के जरिए हमलावरों के भागने के रूट और उनकी पहचान करने की कोशिश कर रही है। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हमलावरों की मंशा क्या थी और उन्होंने इस घटना को क्यों अंजाम दिया। पुलिस के उच्चाधिकारी इस मामले की हर एंगल से बारीकी से जांच कर रहे हैं।