भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा से 10 हजार की ठगी, साइबर जालसाजों ने बनाया निशाना”

रायपुर 26 मई 2026 : राजधानी रायपुर में साइबर ठगों ने अब जनप्रतिनिधियों को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया है। भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा से खुद को पार्टी के बड़े नेता का निजी सहायक बताकर 10 हजार रुपए की ठगी का मामला सामने आया है।

राजधानी रायपुर में साइबर ठगों ने अब जनप्रतिनिधियों को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया है। भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा से खुद को पार्टी के बड़े नेता का निजी सहायक बताकर 10 हजार रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। घटना खम्हारडीह थाना क्षेत्र की है, जहां शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार आरोपी ने फोन कर खुद को भाजपा के वरिष्ठ नेता का पीए बताया और रास्ते में परेशानी में फंसने की बात कही। उसने डीजल भरवाने और यात्रा जारी रखने के लिए तत्काल पैसों की जरूरत बताकर मदद मांगी। बातचीत के दौरान उसने भरोसा जीतने के लिए सोशल मीडिया प्रोफाइल पर कई भाजपा नेताओं के साथ तस्वीरें भी लगा रखी थीं।

बताया गया कि विधायक पुरंदर मिश्रा ने स्थिति को सही मानते हुए जगन्नाथ मंदिर के सेवक नारायण मिश्रा के माध्यम से आरोपी के खाते में 10 हजार रुपए ट्रांसफर करवा दिए। कुछ समय बाद आरोपी ने दोबारा पैसों की मांग की, जिसके बाद विधायक को शक हुआ।

पुरंदर मिश्रा ने संबंधित नेता के कार्यालय में संपर्क कर जानकारी ली तो पता चला कि उस नाम का कोई व्यक्ति वहां कार्यरत ही नहीं है। इसके बाद ठगी का खुलासा हुआ और खम्हारडीह थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई। पुलिस मोबाइल नंबर और बैंक खाते के आधार पर जांच कर रही है। विधायक ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान नंबर से आने वाले कॉल पर तुरंत भरोसा न करें। खासकर पैसों की मांग होने पर पहले संबंधित व्यक्ति से सीधे पुष्टि जरूर करें। गौरतलब है कि हाल ही में राजधानी में भाजपा नेताओं से जुड़ी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। कुछ दिन पहले पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक के साथ भी मोबाइल लूट की वारदात हुई थी।