ईद-उल-अजहा की रौनक: देशभर में अकीदत और उल्लास के साथ मनाया जा रहा बकरीद का त्योहार

आज देशभर में ईद-उल-अजहा बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है. पाकुड़ के शहरी से लेकर ग्रामीण इलाकों में भी बकरीद की रौनक देखने को मिली. बकरीद के मौके पर मुस्लिम समुदाय ने ईदगाहों एवं मस्जिदों में सामूहिक रूप से नमाज अदा की और अल्लाह ताला से देश की तरक्की एवं अमन चैन की दुआ मांगी.

नमाज अदा करने के उपरांत बकरे की कुर्बानी दी गयी. बकरीद को लेकर जिले में सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए गए हैं. ईदगाहों मस्जिदों के अलावे संवेदनशील स्थानों और चौक चौराहों पर सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं. कई संवेदनशील जगहों पर ड्रोन से भी नजर रखी जा रही है.

उपायुक्त मेघा भारद्वाज, पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार गौरव, विजय कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी साइमन मरांडी के अलावा सभी अंचल के सीओ, प्रखंडो के बीडीओ, थानेदार, पुलिस निरीक्षक सभी त्यौहार शांतिपूर्ण सम्पन्न कराने को लेकर विधि व्यवस्था पर नजर बनाए हुए हैं.

जिला मुख्यालय के तांतीपाड़ा, महेशपुर, हिरणपुर, पाकुड़िया, लिट्टीपाड़ा, अमड़ापाड़ा प्रखंड मुख्यालय सहित ग्रामीण इलाकों में भी मुस्लिम समुदायों ने ईदगाहों व मस्जिदों में नमाज अदा की. इधर, त्योहार को शांतिपूर्ण संपन्न कराने को लेकर चौक चौराहों के अलावा ईदगाहों में भारी संख्या में सुरक्षाबलों के साथ पुलिस पदाधिकारी व दंडाधिकारी भी तैनात दिखे. वहीं, थानों की पुलिस इलाके में गश्त लगाते रहे.

कोयलांचल समेत पूरे जिले में ईद उल जुहा का पर्व श्रद्धा, उत्साह और भाईचारे के माहौल में शांतिपूर्ण तरीके से मनाया गया. सुबह से ही विभिन्न ईदगाहों और मस्जिदों में नमाज अदा करने के लिए मुस्लिम समुदाय के लोगों की भारी भीड़ उमड़ी. लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाया और देश-दुनिया में अमन, शांति और खुशहाली की दुआ मांगी.

धनबाद के रेलवे ग्राउंड में भी बड़ी संख्या में लोगों ने ईद उल जुहा की नमाज अदा की. नमाज को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा और विधि व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे. इस दौरान जामा मस्जिद के इमाम ने नमाज अदा कराई.

इस मौके पर पुराना बाजार चेंबर के प्रतिनिधि सोहराब अली ने कहा कि कुर्बानी के पर्व पर देश के तमाम मुस्लिम समुदाय की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मांग की जाती है कि गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित किया जाए.

उन्होंने कहा कि गाय हिंदू समाज की आस्था से जुड़ी हुई है और इसे लेकर राजनीति में अक्सर विवाद पैदा होता है. उन्होंने कहा कि यदि गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित किया जाता है तो इससे सामाजिक सौहार्द को बढ़ावा मिलेगा.