सेंट्रल बैंक के जोनल ऑफिस में लगी भीषण आग, महत्वपूर्ण दस्तावेज जलकर खाक

रायपुर 06 जून 2026 : गर्मी के दिनों में आग लगने की घटनाएं बढ़ जाती हैं. शनिवार को मौदहापारा थाना इलाके में सेंट्रल बैंक के जोनल दफ्तर में आग भड़क उठी. स्थानीय लोगों के मुताबिक आग सुबह 9 बजे लगी. आग लगने की खबर मिलते ही मौके पर फायर ब्रिगेड की टीम पहुंच गई. फिलहाल आग पर काबू पाने के लिए दमकल की पांच से छह गाड़ियां जुटी हुई हैं.

शरूआती तौर पर आग की वजह शार्ट सर्किट को बताया जा रहा है, लेकिन जांच के बाद ही ये साफ हो पाएगा कि आग कैसे लगी. आग से बैंक को कितना नुकसान हुआ, इसका आंकलन भी किया जाएगा. आग लगने की वजह से इलाके में हड़कंप की स्थिति है. जिस जगह पर बैंक का जोनल दफ्तर है, उस जगह पर कई और दुकानें भी हैं. कोशिश की जा रही है कि आग और न फैले.मौदहापारा थाना अंतर्गत सेंट्रल बैंक के जोनल ऑफिस में शनिवार की सुबह 8:30 से 9:00 बजे के बीच आग लगने की सूचना मिली थी. जिसके बाद पुलिस की टीम एसडीआरएफ और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का काम कर रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आग पर नियंत्रण पा लिया जाएगा. आगजनी कि इस घटना में कितने का नुकसान हुआ है इसका आकलन नहीं हो पाया है. इसके साथ ही आग किस वजह से लगी यह भी जांच का विषय है: तारकेश्वर पटेल, एडीसीपी

सेंट्रल बैंक के जोनल दफ्तर में आग लगने की घटना में ऑफिस में रखे महत्वपूर्ण दस्तावेज और फाइल जलकर राख हो चुके हैं. राहत की बात यह रही कि जिस वक्त बैंक में आग लगी उस वक्त बैंक बंद था. इसके साथ ही इस घटना में कोई जनहानि या किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है. सुरक्षा की दृष्टि से आग लगने वाले स्थान को पूरी तरह से सील कर दिया गया है.