नई दिल्ली 06 जून 2026 : देश में पेट्रोल की खपत कम करने के लिए की दिशा में एक नया कदम उठाया गया है. दिल्ली में अब E85 फ्यूल की बिक्री शुरू हो चुकी है. केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने पुसा रोड स्थित इंडियन ऑयल के पेट्रोल पंप पर राजधानी के पहले E85 फ्यूल स्टेशन का उद्घाटन किया. इसके साथ ही दिल्ली में हाई-इथेनॉल फ्यूल की आधिकारिक बिक्री शुरू हो गई है. सरकार का मानना है कि यह फ्यूल आने वाले समय में पेट्रोल पर निर्भरता कम करने में मदद करेगा. साथ ही यह देश में इथेनॉल आधारित ईंधन को बढ़ावा देने की योजना का भी अहम हिस्सा माना जा रहा है.
दिल्ली में E85 फ्यूल की कीमत 82.12 रुपये प्रति लीटर तय की गई है. यह मौजूदा E20 पेट्रोल के मुकाबले करीब 20 रुपये प्रति लीटर सस्ता है. कम कीमत होने के कारण यह फ्यूल लोगों का ध्यान खींच रहा है. पेट्रोल पंपों पर ग्राहकों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए E85 फ्यूल डिस्पेंसर को अलग पहचान और विशेष लेबल के साथ लगाया गया है. हालांकि इसका फायदा फिलहाल केवल उन्हीं लोगों को मिलेगा जिनके पास E85 फ्यूल पर चलने वाले वाहन हैं. अभी ऐसे वाहनों की संख्या बाजार में काफी कम है.
फिलहाल देश में ज्यादातर जगहों पर E20 पेट्रोल मिलता है, जिसमें 20 प्रतिशत इथेनॉल और 80 प्रतिशत पेट्रोल होता है. वहीं E85 फ्यूलमें 85 प्रतिशत इथेनॉल और सिर्फ 15 प्रतिशत पेट्रोल का इस्तेमाल किया जाता है. इथेनॉल गन्ने, मक्के और चावल जैसी फसलों से तैयार किया जाता है. इसकी वजह से पेट्रोल की खपत कम होती है और विदेशी कच्चे तेल पर निर्भरता भी घट सकती है. यही कारण है कि सरकार इथेनॉल आधारित ईंधन को तेजी से बढ़ावा दे रही है. इससे किसानों को भी फायदा मिलने की उम्मीद है क्योंकि इथेनॉल उत्पादन के लिए कृषि उत्पादों की मांग बढ़ सकती है.
दिल्ली का पुसा रोड स्टेशन राजधानी का पहला E85 स्टेशन है, लेकिन सरकार की योजना इससे कहीं बड़ी है. शुरुआती दौर में दिल्ली-एनसीआर और मुंबई-पुणे-नागपुर कॉरिडोर में 50 से 100 E85 स्टेशन शुरू किए जाएंगे. इसके बाद साल के अंत तक करीब 500 E85 फ्यूल स्टेशन तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है. वहीं 2027 के अंत तक देश के बड़े शहरों में 5,000 से ज्यादा E85 स्टेशन शुरू करने की योजना है. अगर यह योजना सफल रहती है तो आने वाले वर्षों में E85 फ्यूल आम लोगों के लिए आसानी से उपलब्ध हो सकता है.
यह समझना जरूरी है कि E85 फ्यूल हर वाहन में नहीं डाला जा सकता. इसका इस्तेमाल केवल फ्लेक्स-फ्यूल या E85 कम्पलायंट इंजन वाले वाहनों में ही संभव है. ऐसे वाहनों के इंजन को खास तौर पर हाई-इथेनॉल फ्यूल के हिसाब से तैयार किया जाता है. हाल ही में Hero Splendor Plus Flex Fuel और Hero HF Deluxe Flex Fuel को लॉन्च किया गया है. कंपनी के अनुसार इन बाइक्स में कई तकनीकी बदलाव किए गए हैं ताकि ये E85 फ्यूल पर आसानी से चल सकें. इसके अलावा Maruti Suzuki Wagon R Flex Fuel भी पेश की गई है. शुरुआत में इसे फ्लीट ऑपरेटर्स के लिए उपलब्ध कराया जा सकता है और बाद में आम ग्राहकों के लिए भी लॉन्च किया जा सकता है. E85 फ्यूल की शुरुआत भारत के ऑटोमोबाइल और ऊर्जा क्षेत्र में एक बड़ा बदलाव मानी जा रही है. आने वाले समय में जैसे-जैसे फ्लेक्स-फ्यूल वाहन और फ्यूल स्टेशन बढ़ेंगे, वैसे-वैसे यह ईंधन आम लोगों के लिए एक किफायती विकल्प बन सकता है.
