PM मोदी के 12 साल पूरे: सीएम साय ने जताया आभार, विकास कार्यों को बताया ऐतिहासिक

रायपुर 13 जून 2026 :  छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के 12 वर्ष पूर्ण होने पर प्रदेश की तीन करोड़ जनता की ओर से आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ देश को नई दिशा दी है और एक सशक्त व समृद्ध भारत का निर्माण किया है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि वर्ष 2014 में जहां केवल 7 राज्यों में बीजेपी और एनडीए की सरकार थी, वहीं आज 22 राज्यों में सरकार बनना जनता के विश्वास का प्रमाण है। उन्होंने बताया कि देश में 58 करोड़ से अधिक बैंक खाते खोले गए हैं, जिनमें 32 करोड़ खाते महिलाओं के नाम पर हैं। कोरोना काल से 81 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत 60 करोड़ से अधिक हेल्थ कार्ड बनाए गए हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ में 10 लाख 60 हजार से अधिक लोगों को लाभ मिला है। जल जीवन मिशन के जरिए 16 करोड़ घरों तक नल से जल पहुंचाया गया है।

मुख्यमंत्री ने स्वच्छ भारत मिशन का जिक्र करते हुए कहा कि 12 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण हुआ है। उन्होंने जनजातीय समाज के सम्मान की बात करते हुए कहा कि आज देश के सर्वोच्च पद पर द्रौपदी मुर्मू विराजमान हैं, जो आदिवासी समाज के लिए गौरव की बात है।

साय ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, उज्ज्वला योजना, पीएम स्वनिधि योजना और किसान क्रेडिट कार्ड जैसी योजनाओं से आम जनता और किसानों को बड़ा लाभ मिला है। देश में चार लाख किलोमीटर से अधिक सड़कें बनी हैं और 1.46 लाख किलोमीटर राष्ट्रीय राजमार्गों का विस्तार हुआ है।

इस दौरान केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने भी पीएम मोदी की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने विकास और विरासत दोनों को साथ लेकर देश को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है।

गिरिराज सिंह ने कहा कि भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 724 बिलियन डॉलर तक पहुंच चुका है और एफडीआई में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने वैश्विक मंच पर भारत की प्रतिष्ठा को मजबूत किया है और देश का झंडा ऊंचा किया है।