‘₹370 बिरयानी’ विवाद में कॉमेडियन प्रणित मोरे पर गुरुग्राम में FIR, NCW शिकायत के बाद पुलिस कार्रवाई

गुरुग्राम  17 जून 2026 :  साइबर हब में आयोजित एक कॉमेडी शो के दौरान महिलाओं पर कथित अभद्र टिप्पणी करने के मामले में गुरुग्राम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्टैंड-अप कॉमेडियन प्रणीत मोरे और वेब डेवलपर हिमांशु जांगड़ा के खिलाफ मामला दर्ज किया है. दोनों के खिलाफ डीएलएफ फेज-2 थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

 गुरुग्राम में DLF फेज-2 थाने में ‘370 रुपये की बिरयानी’ विवाद मामले में एफआईआर दर्ज की गई है. दरअसल 12 अप्रैल को साइबर हब में आयोजित कॉमेडी शो का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें महिलाओं को लेकर की गई टिप्पणियों को लेकर व्यापक नाराजगी देखने को मिली. सोशल मीडिया पर इस मामले को लेकर लोगों ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की थी. बताया जा रहा है कि राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष की शिकायत के आधार पर ये कार्रवाई की गई है. महिला आयोग ने स्पष्ट कहा है कि मनोरंजन के नाम पर महिलाओं का अपमान किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता.

आपको बता दें कि कुछ दिनों पहले गुरुग्राम के साइबर सिटी स्थित ‘“द लाफ स्टोर” में आयोजित एक स्टैंड-अप कॉमेडी शो में कॉमेडियन प्रणीत मोरे दर्शकों से बातचीत कर रहे थे. इसी बीच दर्शकों में बैठे गुरुग्राम के रहने वाले 22 वर्षीय वेब डेवलपर हिमांशु जांगड़ा ने अपनी एक डेट का किस्सा सुनाया. हिमांशु ने बताया कि वो एक लड़की के साथ घूमने गया था और उसने उसके लिए 370 रुपये की चिकन बिरयानी खरीदी थी. जब लड़की ने उससे घर छोड़ने के लिए कहा, तो हिमांशु ने सरेआम टिप्पणी करते हुए कहा कि, “370 रुपए खर्च किए हैं, वसूल तो करूंगा.”

विवाद बढ़ने के बाद कॉमेडियन प्रणीत मोरे ने सोशल मीडिया के माध्यम से माफी भी मांगी थी. वहीं, गुरुग्राम पुलिस ने वायरल वीडियो और कार्यक्रम स्थल के सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर तकनीकी जांच शुरू कर दी है. दोनों आरोपियों को जल्द ही पूछताछ के लिए नोटिस भेजा जाएगा. जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.