भारत ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में 22 गोल्ड, 16 सिल्वर और 23 ब्रॉन्ज मेडल के साथ कुल 61 पदक जीतकर अपने अभियान का समापन किया। पदक तालिका में टीम इंडिया चौथे स्थान पर रही। ऑस्ट्रेलिया 178 पदकों के साथ शीर्ष पर रहा। मेजबान इंग्लैंड 175 और कनाडा 92 पदकों के साथ क्रमश: दूसरे और तीसरे स्थान पर रहा।राष्ट्रमंडल खेलों के आखिरी दिन भारतीय एथलीट्स ने 4 स्वर्ण, 1 रजत और 1 कांस्य पदक जीता। पीवी सिंधु ने महिला एकल के फाइनल मुकाबले में कनाडा की मिशेल ली को हराकर गोल्ड मेडल जीता। सिंधु की इस जीत के साथ भारत पदक तालिका में न्यूजीलैंड को पीछे छोड़ते हुए चौथे स्थान पर पहुंच गया है। पीवी सिंधु के अलावा लक्ष्य सेन और सात्विक और चिराग की जोड़ी ने गोल्ड मेडल जीता है। भारतीय पुरुष हॉकी टीम को ऑस्ट्रेलिया के हाथों 0-7 से हार का सामना करना पड़ा है। भारतीय हॉकी टीम को तीसरी बार कॉमनवेल्थ गेम्स में रजत पदक मिला है।
