24 जून 2026 : बॉलीवुड की वेटरन सिंगर अलका याग्निक को कल मंगलवार (23 जून) को पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। उन्हें इंडियन म्यूजिक में उनके योगदान के लिए यह सम्मान मिला। अलका याग्निक की तबियत ठीक नहीं लग रही थी। वह अटेंडेंड की मदद लेते हुए स्टेज की तरफ जाती नजर आईं। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आशीर्वाद लिया और फिर अवॉर्ड लेने के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के पास गईं। उन्हें देखकर साफ लग रहा था कि उनकी तबियत ठीक नहीं है। ऐसे में फैंस को फिर उनकी हेल्थ को लेकर चिंता हो गई। सिंगर ने पद्म भूषण मिलने के बाद अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट किया और आभार जताया। साथ ही उन्होंने अपनी सेहत को लेकर अपडेट भी दी। चलिए आपको बताते हैं कि उन्होंने क्या कहा है?
अलका याग्निक ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ फोटो पोस्ट की और एक इमोशनल नोट लिखा। उन्होंने लिखा, “पिछले दो सालों से मैं स्पॉटलाइट से दूर हैं…न ही मैं किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल हुई और न ही मैं अपने सफर के बारे में कुछ खास शेयर किया। आप में से काफी लोग जानते हैं कि मैं सेहत से जुड़ी दिक्कतों से गुजर रही हूं…इस बीच हर कदम पर आपका प्यार, दुआएं, संदेश और सपोर्ट मेरे साथ रहा। आज में देश के सबसे प्रतिष्ठित नागरिक सम्मानों में एक पद्म भूषण को लेने बाहर निकली, तो मेरा दिल कृतज्ञता से भरा हुआ था। ये सम्मान मिलना मेरे लिए बहुत भावुक पल है। भले ही इस पर मेरा नाम लिखा हो, लेकिन यह मेरे हर श्रोता का है, जिन्होंने अपनी जिंदगी में मेरी आवाज का स्वागत किया, मेरे गानों को पीढ़ियों तक शामिल रखा और मेरे साथ हर अच्छे-बुरे वक्त में खड़े रहे।
अलका याग्निक ने इस पोस्ट में उनके कमबैक का भी जिक्र किया। उन्होंने आगे लिखा, “यह पल मेरे लिए बहुत मायने रखता है, सिर्फ इसलिए नहीं क्योंकि यह न मेरे काम को मिली पहचान है, बल्कि यह प्यार और उम्मीद से मिलने वाली ताकत की याद दिलाता है। मैं धीरे-धीरे वापसी कर रही हूं और मैं आज यहां होना चाहती थी सिर्फ मेरे लिए नहीं, बल्कि हर उस इंसान के लिए जो इस सफर का हिस्सा रहा है।”साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति के प्रति आभार जताया। इसके साथ ही उन्होंने सभी के प्यार, आभार और भरोसे के लिए धन्यवाद किया।
