रायपुर 25 जून 2026 : केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने मूल्यांकन प्रक्रिया में पारदर्शिता और सुरक्षा बढ़ाने के लिए बड़ा निर्णय लिया है। अब बोर्ड परीक्षाओं की आंसर शीट्स की जांच रीजनल ऑफिस की निगरानी में की जाएगी, जिससे मूल्यांकन प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित और निष्पक्ष बनाया जा सकेगा।
सीबीएसई ने इस संबंध में आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी किया है। बोर्ड के मुताबिक यह सुविधा सभी विद्यार्थियों के लिए नहीं होगी। इसका लाभ केवल उन्हीं छात्रों को मिलेगा, जिनके वेरिफिकेशन का परिणाम ‘नो चेंज’ रहा है। बोर्ड जल्द ही क्षेत्रीय कार्यालयों में उत्तर पुस्तिका की जांच के लिए विस्तृत शेड्यूल और प्रक्रिया जारी करेगा।
यह व्यवस्था पहली बार लागू की गई है। इससे पहले वेरिफिकेशन प्रक्रिया पूरी होने के बाद छात्रों के पास उत्तर पुस्तिका की फिजिकल जांच कराने का कोई विकल्प नहीं होता था। बोर्ड का मानना है कि इस फैसले से मूल्यांकन प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनेगी।
नई व्यवस्था का सबसे बड़ा फायदा उन छात्रों को मिलेगा, जिन्हें अब भी लगता है कि उनकी कॉपी की जांच में त्रुटि हुई है। पहले वेरिफिकेशन के बाद अंक नहीं बदलने पर उनके पास आगे कोई विकल्प नहीं बचता था, लेकिन अब वे सीधे क्षेत्रीय कार्यालय में जाकर अपनी शंकाओं का समाधान कर सकेंगे।
इधर, सीबीएसई ने कक्षा 12वीं के री-इवैल्यूएशन के परिणाम भी चरणबद्ध तरीके से जारी करने शुरू कर दिए हैं। बोर्ड ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी दी कि अब तक प्राप्त आवेदनों में से 87 प्रतिशत से अधिक के परिणाम घोषित किए जा चुके हैं। शेष आवेदनों की प्रक्रिया भी तेजी से पूरी की जा रही है और जल्द ही बाकी छात्रों के अपडेटेड परिणाम जारी कर दिए जाएंगे।
