EPFO पोर्टल 26-28 जून तक बंद, PF क्लेम सेवाएं रहेंगी प्रभावित

नई दिल्ली 25 जून 2026 : कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के करोड़ों सब्सक्राइबर्स के लिए एक बेहद जरूरी खबर है। अगर आप पीएफ एडवांस, फाइनल सेटलमेंट या पेंशन से जुड़ा कोई क्लेम करने का प्लान बना रहे हैं, तो आपको थोड़ा इंतजार करना होगा। ईपीएफओ ने अपने क्लेम प्रोसेसिंग सिस्टम को अधिक सुरक्षित, तेज और एफिशियंट बनाने के लिए एक बड़ा फैसला लिया है। इसके तहत संगठन अपने सॉफ्टवेयर एप्लिकेशन को अपग्रेड और डेटाबेस को कंसोलिडेट करने जा रहा है।
इस तकनीकी अपग्रेडेशन और सिस्टम माइग्रेशन की वजह से ईपीएफओ का क्लेम पोर्टल अस्थायी रूप से बंद रहेगा, जिससे उपभोक्ताओं को कुछ दिनों के लिए दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। इस तय कार्यक्रम के अनुसार, ईपीएफओ आधिकारिक पोर्टल पर क्लेम जमा करने और उनकी प्रोसेसिंग की सेवाएं 26 जून 2026 को रात 12 बजे से लेकर 28 जून 2026 को रात 23:59 बजे तक पूरी तरह से अनुपलब्ध रहेंगी।
संगठन की ओर से जारी आधिकारिक नोटिस के मुताबिक, इस 3 दिवसीय अवधि के दौरान ना तो कोई नया क्लेम सबमिट किया जा सकेगा और ना ही पहले से जमा दावों की प्रोसेसिंग आगे बढ़ेगी।