03 जुलाई 2026 : 61 साल की उम्र में आमिर अपनी गर्लफ्रेंड गौरी स्प्रैट को अपनी दुल्हनिया बनाने वाले हैं. एक्टर अगले महीने 5 जुलाई को घर पर ही एक प्राइवेट सेरेमनी में अपने रिश्ते को नाम देंगे. उनकी शादी में परिवारवालों के अलावा बेहद करीबी लोगों के शामिल रहने की बात सामने आई है.
आमिर ने साल 2025 में अपने 60वें जन्मदिन के मौके पर गौरी के साथ अपने रिश्ते की पुष्टि की थी. उन्होंने मीडिया के सामने गौरी को इंट्रोड्यूस किया था. आमिर ने ये भी बताया था कि वो गौरी को पिछले 25 सालों से जानते हैं, लेकिन दोनों के रिश्ते की शुरुआत साल 2023 में हुई थी. दोनों अक्सर ही एक दूसरे के साथ स्पॉट होते रहते हैं. टीवी9 को सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार अब दोनों 5 जुलाई को शादी के बंधन में बंध जाएंगे. ये गौरी की दूसरी शादी है. पहली शादी से गौरी का एक बेटा भी है, जिसकी उम्र लगभग 7 साल है.
आमिर खान ने पहली शादी साल 1986 में रीना दत्ता से की थी. हालांकि, साल 2002 में दोनों का तलाक हो गया था. साल 2005 में किरण राव के साथ उनकी शादी हुई थी. 2021 में दोनों अलग हो गए थे. किरण से तलाक के दो साल के बाद से आमिर और गौरी रिलेशनशिप में हैं.
गौरी बेंगलुरु की रहने वाली हैं. उनका ताल्लुक फिल्मों से नहीं है बल्कि उनका सैलून का बिजनेस है, जिसकी शुरुआत उनकी मां ने की थी. इसके अलावा वो आमिर खान की प्रोडक्शन कंपनी से भी जुड़ी हुई हैं. गौरी पहले बुटीक में कंसल्टिंग डिजाइनर के तौर पर भी काम कर चुकी हैं.
आमिर खान की बात करें तो पहली शादी से उनके दो बच्चे हैं. एक बेटा और एक बेटी. बेटे का नाम जुनैद खान है और बेटी का नाम आइरा खान. वहीं किरण राव के साथ उनका एक बेटा है, जिसका नाम आजाद है. कुछ समय पहले जुनैद की ‘एक दिन’ के नाम से एक फिल्म आई थी. आमिर ने ही उस फिल्म को प्रोड्यूस किया था.
