बिलासपुर 03 जुलाई 2026 : छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने उच्च न्यायिक सेवा संवर्ग के 17 न्यायिक अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। इस फेरबदल में कई जिला एवं सत्र न्यायाधीशों, अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीशों तथा हाईकोर्ट के अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। ओम प्रकाश जायसवाल को हाईकोर्ट का रजिस्ट्रार (ज्यूडिशियल) बनाया गया है, जबकि अजय सिंह राजपूत को जगदलपुर स्थित विशेष एनआईए कोर्ट का स्पेशल जज नियुक्त किया गया है।
छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल कार्यालय ने उच्च न्यायिक सेवा संवर्ग के 17 न्यायिक अधिकारियों के तबादले और नई पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं। जारी आदेश के तहत कई जिला एवं सत्र न्यायाधीशों, अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीशों और हाईकोर्ट के अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं।
जारी आदेश के अनुसार, जगदलपुर के प्रथम जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजय सिंह राजपूत को विशेष एनआईए कोर्ट, जगदलपुर का स्पेशल जज बनाया गया है। वहीं द्वितीय अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश सिद्धार्थ अग्रवाल को प्रथम अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश, जगदलपुर के पद पर पदस्थ किया गया है।
किरण कुमार जांगड़े को प्रथम अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश, बलरामपुर-रामानुजगंज तथा विनय कुमार प्रधान को रायपुर स्थित एफटीसी (पॉक्सो) से एफटीसी कोर्ट में पदस्थ किया गया है। डमरूधर चौहान को षष्ठम जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश, रायपुर से दसवें जिला एवं सत्र न्यायाधीश, रायपुर बनाया गया है।
बलौदाबाजार के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अब्दुल जाहिद कुरैशी का तबादला हाईकोर्ट में रजिस्ट्रार (विजिलेंस) के पद पर किया गया है। वहीं बलौदाबाजार के प्रथम जिला एवं सत्र न्यायाधीश राकेश कुमार वर्मा को छत्तीसगढ़ न्यायिक अकादमी, बिलासपुर में अतिरिक्त निदेशक नियुक्त किया गया है।
हाईकोर्ट लीगल सर्विस कमेटी के सचिव ओम प्रकाश जायसवाल को हाईकोर्ट में रजिस्ट्रार (ज्यूडिशियल) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं रूपनारायण पात्रे को द्वितीय जिला एवं सत्र न्यायाधीश, बिलासपुर से हाईकोर्ट लीगल सर्विस कमेटी का सचिव बनाया गया है।
श्रीमती विनिता वारनेर को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, सूरजपुर से बलौदाबाजार स्थानांतरित किया गया है। सूरजपुर परिवार न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश थामस एक्का को सूरजपुर का प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश बनाया गया है।
इसके अलावा रायपुर के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश को विशेष न्यायाधीश (एट्रोसिटी कोर्ट) का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। श्रीमती संगीता नवीन तिवारी को जगदलपुर की विशेष एनआईए कोर्ट से बलौदाबाजार का प्रथम जिला एवं सत्र न्यायाधीश नियुक्त किया गया है।
इसी तरह डॉ. मनोज कुमार प्रजापति का बलरामपुर-रामानुजगंज से सारंगढ़-रायगढ़, अमित राठौर का सारंगढ़ से रायपुर, सुमित कपूर का हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार (ज्यूडिशियल) पद से रायपुर जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा अमित कुमार कोहली का छत्तीसगढ़ न्यायिक अकादमी के अतिरिक्त निदेशक पद से बलरामपुर-रामानुजगंज तबादला किया गया है। हाईकोर्ट के इस प्रशासनिक फेरबदल को न्यायिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
