जोकोविच ने विंबलडन में फेडरर के ऐतिहासिक रिकॉर्ड की बराबरी की

स्पोर्ट्स 04 जुलाई 2026 : विंबलडन के ऑल इंग्लैंड क्लब पर एक बार फिर टेनिस इतिहास का एक स्वर्णिम अध्याय लिखा गया. महान टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविच भले ही अपने पूरे शबाब पर नजर नहीं आए, लेकिन अपने चिर-परिचित जुझारूपन के दम पर उन्होंने न सिर्फ एक बेहद कड़े मुकाबले में जीत दर्ज की, बल्कि स्विट्जरलैंड के दिग्गज रोजर फेडरर के एक और महारिकॉर्ड की बराबरी कर ली. 24 बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन जोकोविच अब विंबलडन के इतिहास में सबसे ज्यादा मेंस सिंगल्स मैच जीतने के मामले में संयुक्त रूप से पहले स्थान पर पहुंच गए हैं.
तीसरे दौर के इस बेहद रोमांचक मुकाबले में फ्रांस के आर्थर रिंडरकनेश ने 39 वर्षीय जोकोविच को पसीना बहाने पर मजबूर कर दिया. करीब 3 घंटे और 1 मिनट तक चले इस कड़े संघर्ष में जोकोविच ने बड़े मौकों पर अपना आपा बनाए रखा और फ्रांसीसी खिलाड़ी की तूफानी सर्विस का तोड़ निकालते हुए 7-5, 6-4, 1-6, 7-6(4) से जीत अपने नाम की. इस जीत के साथ ही विंबलडन में जोकोविच की सिंगल्स जीत का आंकड़ा 105 पर पहुंच गया है, जो रोजर फेडरर के बराबर है. अब पुरुषों में उनसे आगे कोई नहीं है, जबकि ऑल-टाइम रिकॉर्ड में सिर्फ महिला दिग्गज मार्टिना नवरातिलोवा (120 जीत) ही उनसे आगे हैं.