रायपुर 04 जुलाई 2026 : रायपुर स्थित हिदायतुल्लाह राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (HNLU) ने हॉस्टल में रहने वाले विद्यार्थियों की मेस फीस में 5 प्रतिशत की बढ़ोतरी करने का निर्णय लिया है। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि पिछले दो वर्षों से मेस शुल्क में कोई बदलाव नहीं किया गया था, लेकिन बढ़ती महंगाई और खाद्य सामग्री, गैस तथा परिवहन लागत में इजाफे के कारण अब शुल्क संशोधित करना आवश्यक हो गया।
नई व्यवस्था के तहत छात्रों को अब प्रतिदिन 147 रुपये की जगह 154.35 रुपये मेस फीस देनी होगी। यानी हर दिन 7.35 रुपये अधिक खर्च होंगे। यदि कोई छात्र पूरे शैक्षणिक सत्र के दौरान लगभग 260 दिन हॉस्टल में रहता है, तो उसे सालभर में करीब 2,000 रुपये अतिरिक्त भुगतान करना पड़ेगा।
विश्वविद्यालय के मुताबिक, कमर्शियल एलपीजी, पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों से भोजन तैयार करने की लागत लगातार बढ़ी है। इसी वजह से मेस संचालित करने वाले कैटरिंग ठेकेदार ने 10 प्रतिशत शुल्क वृद्धि की मांग की थी। हालांकि प्रशासन के साथ चर्चा के बाद इसे घटाकर 5 प्रतिशत पर सहमति बनाई गई।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि मेस शुल्क से विश्वविद्यालय को कोई आर्थिक लाभ नहीं होता। छात्रों से वसूली गई पूरी राशि कैटरिंग ठेकेदार को दी जाती है, जबकि विश्वविद्यालय केवल मेस संचालन की निगरानी, ऑडिट और समन्वय का काम करता है।
इस बीच विश्वविद्यालय ने हॉस्टल के सी और डी ब्लॉक के डाइनिंग हॉल में एयर कंडीशनिंग सुविधा उपलब्ध कराने की जानकारी भी दी है। साथ ही मौजूदा शैक्षणिक सत्र में मेस और हॉस्टल से जुड़ी अन्य सुविधाओं के विस्तार और आधुनिकीकरण की भी योजना बनाई गई है।
