अमेरिका इस साल अपनी आजादी के 250 साल पूरे होने का ऐतिहासिक जश्न मना रहा है। पूरे देश में आजादी के इस खास मौके पर परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम, सैन्य प्रदर्शन, म्यूजिक कॉन्सर्ट और शानदार आतिशबाजी का आयोजन किया जा रहा है। राजधानी वॉशिंगटन डीसी, न्यूयॉर्क और फिलाडेल्फिया इस महाउत्सव के सबसे बड़े केंद्र बने हुए हैं। लाखों लोग इस ऐतिहासिक पल के गवाह बनने पहुंचे हैं।
हालांकि वॉशिंगटन डीसी में खराब मौसम ने कार्यक्रम की रफ्तार कुछ समय के लिए रोक दी। तेज बारिश और आंधी की चेतावनी के कारण मुख्य समारोह कई घंटे तक टालना पड़ा। सुरक्षा को देखते हुए लोगों को कार्यक्रम स्थल से कुछ समय के लिए सुरक्षित जगहों पर भेज दिया गया। मौसम सामान्य होने के बाद समारोह दोबारा शुरू किया गया और लोगों का उत्साह पहले जैसा ही बना रहा।
लंबे इंतजार के बाद अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप आखिरकार वॉशिंगटन डीसी के नेशनल मॉल पहुंचे और राष्ट्र को संबोधित करना शुरू किया। मंच पर आते ही उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, Good Evening America… अगर आपको लगता है कि यह आसान था, तो ऐसा बिल्कुल नहीं था।
उनका यह बयान मौसम की वजह से हुई देरी की ओर इशारा था। ट्रंप के मंच पर पहुंचते ही वहां मौजूद हजारों लोगों ने तालियों और नारों के साथ उनका स्वागत किया। पूरे समारोह में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।
अपने संबोधन के दौरान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कम्युनिज्म पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कम्युनिज्म एक ऐसी विचारधारा है, जो इतिहास में हमेशा हारती रही है और भविष्य में भी उसकी हार तय है। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका की ताकत उसकी आजादी, लोकतंत्र, संविधान और व्यक्तिगत अधिकारों में है, जबकि कम्युनिस्ट व्यवस्था इन सभी मूल्यों के बिल्कुल विपरीत खड़ी होती है।
उन्होंने कहा कि अमेरिकी सैनिकों ने दुनिया के कई युद्धक्षेत्रों में कम्युनिज्म के विस्तार को रोकने के लिए अपनी जान की बाजी लगाई थी। ऐसे में उन बलिदानों को कभी भुलाया नहीं जा सकता। ट्रंप ने कहा, हमारे सैनिकों ने यह लड़ाई इसलिए नहीं लड़ी कि वही खतरा फिर से अमेरिका के भीतर लौट आए। उन्होंने देशवासियों से लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करने और अमेरिका की आजादी व राष्ट्रीय पहचान को मजबूत बनाए रखने की अपील भी की।
राष्ट्रपति ट्रंप के संबोधन से पहले नेशनल मॉल में कई सांस्कृतिक और संगीत कार्यक्रम आयोजित किए गए। मशहूर गायक क्रिस्टोफर मैकियो ने Ave Maria गीत प्रस्तुत किया, जबकि प्रसिद्ध कंट्री सिंगर ली ग्रीनवुड ने अपना लोकप्रिय देशभक्ति गीत God Bless the U.S.A. गाकर लोगों में जोश भर दिया।
इन प्रस्तुतियों के दौरान पूरा मैदान अमेरिकी झंडों से लहराता नजर आया। हजारों लोग देशभक्ति के गीतों के साथ गुनगुनाते दिखाई दिए। कार्यक्रम का माहौल पूरी तरह उत्सव में बदल गया।
