बाढ़ में बह गए 3,000 गैस सिलेंडर! महाराष्ट्र में हाई अलर्ट, लोगों से दूर रहने की अपील

09 जुलाई 2026 : महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले कुछ दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के बीच एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। दरअसल, रायगढ़ की पातालगंगा नदी में करीब 3 हजार एलपीजी गैस सिलेंडर बहते दिखाई दिए हैं। नदी में बहते LPG गैस सिलेंडरों का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के मुताबिक, रायगढ़ जिले के पनवेल तालुका के चावणे स्थित HPCL के पातालगंगा एलपीजी बॉटलिंग प्लांट परिसर में भारी बारिश और जलभराव के कारण बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर बहकर पातालगंगा नदी में बहकर पहुंच गए। बताया जा रहा है कि बहने वाले करीब 3 हजार सिलेंडरों में कुछ भरे हुए हैं, जबकि कुछ खाली हैं।

घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और संबंधित एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं। रायगढ़ के जिलाधिकारी किशन जावले ने नागरिकों से अपील की है कि नदी या उसके किनारे बहकर आए किसी भी गैस सिलेंडर के पास न जाएं और न ही उसे उठाने या घर ले जाने की कोशिश करें।

जिलाधिकारी ने कहा कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि बहकर आए सिलेंडरों में गैस भरी हुई है या नहीं और उनकी स्थिति कितनी सुरक्षित है। ऐसे में किसी भी सिलेंडर को छूना, खोलना या इस्तेमाल करने की कोशिश करना बेहद खतरनाक और जानलेवा साबित हो सकता है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं भी बहकर आया गैस सिलेंडर दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत स्थानीय प्रशासन या संबंधित अधिकारियों को दें और उससे सुरक्षित दूरी बनाए रखें।

लगातार हो रही बारिश के बीच पातालगंगा नदी में बहते हजारों गैस सिलेंडरों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है और लोगों से सतर्कता बरतने की लगातार अपील कर रहा है। सिलेंडर दिखने पर उनसे दूर रहने की सलाह दी गई है।