ब्रिटेन में 40 साल पुराना मंदिर, मुस्लिम संस्था को बेचने पर विवाद!

लंदन  15 जुलाई 2026 :  लंदन से 120 किमी दूर पीटरबरो स्थित 40 वर्ष प्राचीन मंदिर एवं ‘कम्युनिटी सेंटर’ (सामुदायिक केंद्र) वाले ‘न्यू इंग्लैंड कॉम्प्लेक्स’ नामक स्थान के विक्रय को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया है । ‘पीटरबरो सिटी काउंसिल’ नामक संस्था ने नीलामी के पश्चात यह स्थान ‘यूनाइटेड किंगडम इस्लामिक मिशन’ नामक संस्था को बेचने का निर्णय लिया है ।

इसी परिसर में ‘भारत हिन्दू समाज’ का मंदिर है । वह नगर एवं आसपास के सहस्रों हिन्दुओं का प्रमुख पूजास्थल है । इस निर्णय से क्रोधित होकर ‘भारत हिन्दू समाज’ ने उच्च न्यायालय में याचिका प्रस्तुत (दाखल) कर विक्रय की प्रक्रिया को चुनौती दी है । ‘भारत हिन्दू समाज’ संगठन का आरोप है कि ‘पीटरबरो सिटी काउंसिल’ ने मंदिर की 40 वर्षों की धार्मिक एवं सामुदायिक भूमिका की उपेक्षा की । नीलामी के मूल्यांकन में भी गंभीर त्रुटियां थीं । फरवरी 2026 में उच्च न्यायालय ने अंतरिम स्थगन (stay) देते हुए ‘पीटरबरो सिटी काउंसिल’ को इस स्थान का विक्रय करने से रोक दिया था ।

अब न्यायिक पुनरावलोकन में ‘निर्णय लेने की प्रक्रिया विधि सम्मत (कानून के अनुसार) थी अथवा नहीं ?’, इसका निरीक्षण किया जा रहा है । मंदिर प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि उनका विरोध ‘यूनाइटेड किंगडम इस्लामिक मिशन’ संस्था से नहीं, अपितु ‘पीटरबरो सिटी काउंसिल’ के निर्णय एवं उसके द्वारा संपन्न की गई प्रक्रिया से है ।

बढते आर्थिक संकट तथा शासकीय सहायता में कटौती के कारण ब्रिटेन की अनेक स्थानीय ‘काउंसिल’ अब अपने सामाजिक भवनों, क्रीडा केंद्रों आदि को बेचकर आर्थिक क्षति की पूर्ति कर रही हैं ।

भारत हिन्दू समाज के अनुसार, यह मंदिर परिसर के 4 सहस्र 500 हिन्दुओं के लिए प्रमुख धार्मिक स्थल है । यदि यह बंद हो गया, तो श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के लिए कैंब्रिज (56 किमी) अथवा लीसेस्टर (64 किमी) जाना पडेगा ।