ललित मोदी की वापसी का रास्ता साफ! ED का जुर्माना रद्द, 16 साल बाद लौटेंगे भारत

22 जुलाई 2026 : पूर्व आईपीएल चैयरमैन ललित मोदी ने अपीलेट ट्रिब्यूनल द्वारा आए निर्णय के बाद भारत वापसी की घोषणा की है। आईपीएल 2009 में पैसों के लेनदेन में हेरफेर के आरोपों पर ED ने ललित मोदी पर जुर्माना लगाया था। FEMA (फॉरेन एक्सचेंज मनी एक्ट) के तहत उनके ऊपर मामला चल रहा था।

ट्रिब्यूनल ने ललित मोदी पर लगे आरोपों को ख़ारिज करते हुए जुर्माने को भी रद्द कर दिया है। यह 10 करोड़ 65 लाख रुपये था। इस निर्णय का स्वागत करते हुए ललित मोदी ने एक वीडियो जारी किया है और बताया है कि वह कब तक वापस लौट सकते हैं। 16 साल से ललित मोदी भारत से बाहर हैं।

ललित मोदी ने की भारत आने की घोषणा एएनआई पर जारी वीडियो में ललित मोदी ने कहा कि मैं कल आए फैसले से बेहद खुश हूं। यह मेरे लिए वास्तव में बहुत बड़ा दिन रहा। पिछले 16 वर्षों से मैं इस लड़ाई को लड़ रहा था और जो बात मैं मीडिया और सभी लोगों से लगातार कहता आ रहा था, आखिरकार वही सच साबित हुई। मुझे खुशी है कि ट्रिब्यूनल ने मेरे पक्ष में फैसला सुनाया। उन्होंने यह भी कहा कि मुझे हमेशा सिर्फ आईपीएल के हित और उसकी भलाई की चिंता रही है, इसके अलावा किसी और चीज की नहीं। आईपीएल मेरे लिए सबसे ज्यादा मायने रखता है। अब वह अध्याय खत्म हो चुका है और मैं अपनी जिंदगी में आगे बढ़ना चाहता हूं।
ललित मोदी ने अपनी बात खत्म करते हुए कहा कि मैं भारत वापस आने का इंतजार कर रहा हूं। संभवतः इस साल के अंत तक या अगले साल की शुरुआत में भारत लौटूंगा। अक्टूबर में मेरी बेटी मां बनने वाली है और मैं अपने नाती के जन्म का इंतजार कर रहा हूं। उम्मीद है कि सब कुछ ठीक रहेगा और उसके बाद मैं भारत वापस आ जाऊंगा।

ट्रिब्यूनल ने क्या कहा? गौरतलब है कि भारत में साल 2009 में हुए लोकसभा इलेक्शन की वजह से आईपीएल का आयोजन दक्षिण अफ्रीका में कराया गया था। आरोप था कि विदेशी बोर्ड को अवैध रूप से पैसा भेजा गया था। अवैध रूप से कमाए गए पैसों के मामले सफेमा (SAFEMA ACT) के तहत आते हैं। ट्रिब्यूनल के अनुसार पैसों के लेनदेन के लिए ललित मोदी जिम्मेदार नहीं थे। जिन वित्तीय अधिकारों का जिक्र है, वह भी मोदी के पास नहीं थे। ऐसे में जुर्माना रद्द कर दिया गया।